बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत बेबाकी से अपनी राय रखने के लिए जानी जाती हैं। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में कंगना रनौत खुलकर बातचीत कर रही हैं। इसके साथ ही कंगना ने मुंबई पुलिस पर भी कई बार सवाल उठाए हैं। इस बीच कंगना रनौत ने शिवसेना नेता संजय राउत पर सनसनीखेज आरोप लगाया है। कंगना का कहना है कि संजय राउत ने उन्‍हें खुलेआम धमकी दी है कि वह मुंबई वापस न लौटें।

कंगना रनौत ने ट्वीट कर लिखा, ‘शिवसेना नेता संजय राउत ने मुझे खुलेआम धमकी दी है और कहा है कि मुंबई लौटकर मत आना, मुंबई की गलियों में आजादी गैंग के बाद अब खुली धमकियां, मुंबई क्यों पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर की तरह लग रही है?’ इस ट्वीट के साथ कंगना ने उस खबर की लिंक को भी शेयर किया है जिसमें संजय राउत ने कंगना पर निशाना साधते हुए कहा था कि अगर उन्हें मुंबई में डर लगता है तो फिर यहां पर वापस लौटकर नहीं आना चाहिए।

शिवसेना सांसद संजय राउत ने हाल ही में पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में एक लेख के माध्यम से कंगना पर निशाना साधा था। संजय राउत ने कहा था कि कंगना को मुंबई आने से परहेज करने चाहिए। वह मुंबई में रहती हैं फिर भी यहां के पुलिस बल की आलोचना कर रही हैं। यह शर्मनाक है। हम उनसे निवेदन करते हैं कि वह मुंबई ना आएं।

इससे पहले कंगना ने महाराष्ट्र भाजपा के नेता राम कदम को धन्यवाद देते हुए एक ट्वीट किया था। कंगना ने अपने ट्वीट में लिखा था, ‘आपकी चिंता के लिए धन्यवाद सर, वास्तव में अब मुझे मूवी माफिया के गुंडों से ज्यादा मुंबई पुलिस से डर लगता है, साथ ही मुंबई में अब मुझे हिमाचल प्रदेश सरकार या फिर सीधे केंद्र सरकार से सुरक्षा मांगनी पड़ेगी। मुंबई पुलिस से बिल्कुल नहीं।’