बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी के फैंस के लिए बुरी खबर है। स्टार के पिता वीरप्पा शेट्टी का मंगलवार रात को निधन हो गया है। उन्होंने रात के डेढ़ बजे मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनकी उम्र 95 साल थी और उनकी हालत काफी समय से ठीक नहीं थी। सूत्रों का कहना है कि कल 2 मार्च को उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सुनील शेट्टी अपने पिता से बहुत प्यार करते थे और वो उन्हें असली हीरो मानते थे। 2013 में वर्ली में अपने नए डेकोरेशन शोरुम को लॉन्च करते समय एक्टर ने कहा था- यह वही जगह है जहां मेरे पिता वीरप्पा शेट्टी काम किया करते थे। वो यहां प्लेट साफ किया करते थे क्योंकि उनकी नौकरी एक वेटर ब्वॉय वाली थी। वो मेरे असली हीरो हैं। उन्होंने 9 साल की उम्र में काम करना शुरु कर दिया था। वो सरसों की बोरियों पर सोया करते थे और चटाई वाले बैग को तकिये की तरह इस्तेमाल करते थे।
1943 में एक्टर के पिता ने एक पूरी बिल्डिंग खरीद ली थी जोकि वर्ली के फोर सीजन होटल के बगल में है। उन्होंने बताया था कि मेरे पिता के बॉस ने उन्हें यहां नया बिजनेस देखने को कहा था। धीरे धीरे वो प्रोपर्टी खरीदने के लायक बन गए थे। सुनील के पिता को साल 2013 में लकवे का अटैक आया था और उन्होंने अपने साउथ रेसिडेंस को आईसीयू में तब्दील कर दिया था ताकि वो जल्दी ठीक हो सकें।
यह ठीक वही समय था जब एक्टर की बेटी अथिया शेट्टी अपने बॉलीवुड डेब्यू की तैयारी कर रही थीं। लेकिन धड़कन स्टार ने अपने पिता को प्राथमिकता दी। उन्होंने अतीत में कहा था कि उनके पिता उनके असली हीरो हैं और उनकी सेहत से ज्यादा उनके लिए कुछ मायने नहीं रखता। अपने पिता की खातिर उन्होंने अपना करियर तक छोड़ दिया और सालों तक कोई फिल्म साइन नहीं की।
सुनील ने 2014 में कहा था- मैं तीन महीनों तक ठीक तरह से सो नहीं पाया था। यह मेरे लिए मिश्रित भावना थी। एक तरफ मेरी बेटी अपने करियर के लिए तैयार हो रही थी वहीं दूसरी तरफ मेरे पिता की तबीयत ठीक नहीं थी।