बॉलीवुड एक्टक सोनू सूद लॉकडाउन के मुश्किल समय में प्रवासी मजदूर और अपने घर से दूर फंसे लोगों के लिए ‘मसीहा’ बन कर उभरे हैं। वो लोगों की उनके घर तक पहुंचने में मदद करते नजर आ रहे हैं। इन दिनों सोनू सूद के ट्विटर हैंडल पर लोगों की दुआओं का दौर देखने को मिल रहा है। क्या युवा, क्या बच्चा और क्या बूढ़ा हर कोई उनको अपना प्यार देता दिखाई दे रहा है। हाल ही में एक शख्स ने सोनू सूद को टैग करते हुए ट्वीट किया, ‘सोनू सर बिहार के जिला सिवान में, लोग आपकी मूर्ति बनवाने के तैयारी में लगे हैं। आपको सलाम सर बहुत बहुत प्यार।’ यूजर के इस ट्वीट का रिप्लाई करते हुए एक्टर ने जवाब दिया, ‘भाई उन पैसों से किसी गरीब की मदद करना।’
भाई उस पैसे से किसी गरीब की मदद करना। https://t.co/SI9MqVpRRe
— sonu sood (@SonuSood) May 25, 2020
सोनू सूद के इस बड़े दिलवाले रिप्लाई के बाद यूजर्स उन्हें भारत रत्न तक दिलाने की मांग करने लगे। एक यूजर ने सोनू की तारीफ करते हुए लिखा, सर आप गरीबों और मजदूरों के लिए तो किसी अवतार से कम नहीं हो। आपने उनकी सहायता करके बहुत पुण्य कमाया है, आपको और आपकी फैमिली को बहुत दुआ मिल रही है सोनू सूद आपको सैल्यूट है।’ वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘गरीबों ने तो भगवान को नहीं देखा लेकिन आज गरीब गर्व से कह सकते हैं कि हमने सोनू सूद जैसे भगवान को देखा है…।’
गौरतलब है कि लॉकडाउन की वजह से फंसे मजदूरों तक सोनू सूद हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने हजारों बसें चलवा कर लोगों को उनके घरों तक पहुंचाया है। सोनू ने न सिर्फ बसें चलवाने की जिम्मेदारी ली। बल्कि जब तक लोग अपने-अपने राज्य में सुरक्षित पहुंच नहीं गए तब तक उनकी अपडेट लेने के साथ-साथ रास्ते के खाने पीने तक का पूरा इंतज़ाम किया है।
बता दें सोशल मीडिया पर एक्टर सोनू सूद इन दिनों काफी एक्टिव हैं और वो प्रत्येक व्यक्ति जो उनसे मदद मांग रहा है। उसकी बात का तुरंत जवाब भी दे रहे हैं। इसके अलावा जल्द से जल्द उस तक मदद पहुंचाने का प्रयास भी करते नजर आ रहे हैं। हाल ही में मुंबई के ठाणे फंसे छात्र ने सोनू से मदद की गुहार लगाई थी। जिसके बाद सोनू ने उसे उसके होम टाउन गोरखपुर पहुंचने में मदद की थी।
