एल्विश यादव हाल ही में जेल से बाहर आए हैं। वह पूरे छह दिन गौतमबुद्ध नजर जेल में बिता कर आए हैं। जब से एल्विश ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ जीते वह किसी न किसी विवाद को लेकर चर्चा में हैं। एल्विश के बाद अब मुनव्वर को लेकर खबर आई कि 26 मार्च को उन्हें हुक्का बार में रेड के बाद मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया था और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया था। अब इसे लेकर एल्विश यादव ने ट्विटर पर चुटकी ली है।

एल्विश ने अपने ट्वीट में लिखा, “बिग बॉस के बाद सबका बुरा टाइम शुरू हो जाता है क्या?” बता दें कि एल्विश ने Bigg Boss OTT 2 जीता था और मुनव्वर ‘बिग बॉस 17’ के विजेता रहे। दोनों ही कानूनी पचड़ों में पड़ गए हैं, जिसके कारण एल्विश ने ये ट्वीट किया है। एल्विश के ट्वीट पर यूजर्स सवाल कर रहे हैं कि रमजान के महीने में मुनव्वर चिलम कैसे पी सकते हैं?

क्या है मामला?

मुनव्वर फारूकी को 26 मार्च की रात मुंबई पुलिस ने हुक्का बार में छापेमारी के दौरान हिरासत में लिया था। उनके अलावा 13 लोगों को भी पुलिस ने पकड़ा था। सभी लोगों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ और पूछताछ के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। पुलिस अधिकारी ने फ्री प्रेस जनरल में बयान जारी करते हुए कहा, “हमारी टीम ने हुक्का के नाम पर तंबाकू के इस्तेमाल होने की जानकारी मिलने के बाद मुंबई के हुक्का बार पर छापा मारा। वहां से मिली हुईं चीजों की जांच हो रही है और हिरासत में लिए गए लोगों में फारूकी भी शामिल हैं।”

वहीं एल्विश की बात करें तो उन्हें स्नेक वेनम केस में गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। उनके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पांच दिन बाद उन्हें बेल पर रिहा कर दिया गया, लेकिन उन्हें जेल में एक और रात बितानी पड़ी। पूरे छह दिन बाद एल्विश को छोड़ा गया।

इसके बाद यूट्यूबर मैक्सटर्न के साथ मारपीट वाले मामले में उनकी गुरुग्राम कोर्ट में पेशी हुई। वहां भी उन्हें बेल देकर छोड़ दिया गया। एल्विश का कहना है कि उन्हें फंसाया जा रहा है और इस केस से उनका कोई लेना देना नहीं है।