टीवी एक्टर और बिग बॉस फेम गौरव चोपड़ा की मां का बुधवार दिल्ली में कैंसर से निधन हो गया है। वहीं उनके पिता अभी भी वेंटिलेटर पर हैं। गौरव की मां तीन सालों से Pancreatic Cancer से भी जंग लड़ रही थीं। इसके साथ ही वह कोविड-19 पॉजिटिव थीं। गौरतलब है कि गौरव चोपड़ा ने कुछ ही दिन पहले ही अपने माता पिता की फोटो शेयर करते हुए बताया था कि उनके माता पिता कोरोना पॉज़िटिव हैं और दोनों का ईलाज अलग-अलग अस्पताल में चल रहा है।
मां के निधन के बाद गौरव चोपड़ा मुंबई से दिल्ली लौटे। उन्होंने शुक्रवार को अपनी मां का अंतिम संस्कार किया। इस बीच उनके पिता की भी हालत गंभीर बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गौरव चोपड़ा के पिता हफ्तेभर से दवाईयों पर हैं और उन्हें नहीं पता है कि बाहर क्या चल रहा है। गौरव चोपड़ा के मुताबिक उनके माता पिता को अस्पताल में कैंसर के ईलाज के दौरान ही कोरोना हुआ।
इस पूरी परिस्थिति को समझते हुए और परिवार के अन्य सदस्यों को कोरोना से बचाने के लिहाज से गौरव अपनी मां की शोक सभा ऑनलाइन करने का फैसला किया है। कैंसर से पीड़ित मां को जब कोरोना हुआ तो गौरव चोपड़ा ने ट्वीट कर लोगों से अपील करते हुए कहा था कि उन्हें प्लाज़्मा की ज़रूरत है जो किसी भी ब्लड ग्रुप का हो सकता है। बाद में उन्होंने लोगों को मदद के लिए धन्यवाद भी किया था।
मां के निधन के बाद गौरव चोपड़ा ने एक भावुक पोस्ट भी शेयर किया है। अपनी मां को याद करते हुए गौरव ने लिखा,’मेरी मां बेहद मजबूत इंसान थीं। पहली तस्वीर साल भर पहले की है। तीन साल कैंसर से जंग लड़ते हुए, कभी न रुकने वाले कीमो के तीन साल में भी हमारा हौसला बढ़ाती रहीं। ऐसी खूबसूरती, जिसे किसी प्रकार के बनावट की जरूरत नहीं। वह अलग ही दिखती थीं, सबकी प्यारी। किसी फैन की तरह उन्हें देखकर मुस्कुराता था।’