Payal Rohatgi : मॉडल से एक्ट्रेस बनीं पायल रोहतगी को देश के पहले प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में जमानत नहीं मिली है। कोर्ट ने उनकी जमानत याचिका रद्द कर दी है और उन्हें अभी 24 दिसंबर तक जेल में ही रहना होगा।

समाचार एजेंसी के हवाले से मिल रही खबर के अनुसार, पायल रोहतगी को 15 दिसंबर को राजस्थान के बूंदी से पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू पर गलत टिप्पणी कर दी थी।

उनकी गिरफ्तारी को कंफर्म करते हुए एसपी ममता गुप्ता ने एएनआई को बताया कि 21 सितंबर 2019 को उनका एक फेसबुक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें पायल मोतीलाल नेहरू के परिवार के खिलाफ विवादित टिप्पणी कर रही थीं। उस वीडियो में वह जवाहर लाल नेहरू की पत्नी का भी अपमान करते दिख रही थीं। उनके खिलाफ कांग्रेस नेता चरमेश शर्मा नाम के शख्स ने राजस्थान में केस दर्ज कराया था। पुलिस ने उनके खिलाफ धारा 66 और 67 की आईटी एक्ट के अंतर्गत केस रजिस्टर किया गया है।

जेल जाने से पहले पायल के अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा गया था, ‘मुझे राजस्थान पुलिस ने मोतीलाल नेहरू पर एक वीडियो बनाने के लिए गिरफ्तार किया है जिसकी अधिकांश जानकारी गूगल पर मौजूद है। क्या अभिव्यक्ति की आजादी सिर्फ मजाक बन गई है।’

पुलिस कार्रवाई के बाद पायल के पति पहलवान संग्राम सिंह ने ट्वीट कर पीएम मोदी से मदद की अपील की थी। खैर पायल ने जो जमानत याचिका कोर्ट में दायर की थी उसे रद्द कर दी गई है और अब उन्हें 24 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा।