सलमान खान का शो ‘बिग बॉस 18’ का ग्रैंड प्रीमियर शुरू हो चुका है। शो को ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो सिनेमा और टीवी पर कलर्स चैनल पर रात 9 बजे ऑनएयर किया गया। शो में कंटेस्टेंट्स की एंट्री हो चुकी है। इसमें चुम दरांग भी पहुंचीं। वो श्रुतिका अर्जुन राज, तेजिंदर सिंह बग्गा और नायरा बनर्जी के साथ शो में पहुंचीं। इसके अलावा शो में कई और कंटेस्टेंट्स पहुंचे। ऐसे में अरुणाचल प्रदेश से ताल्लुक रखने वाली चुम दरांग ‘बिग बॉस 18’के बारे में बता रहे हैं।
चुम दरांग रुणाचल प्रदेश के पासीघाट की रहने वाली हैं। उन्होंने टूरिज्म में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। उन्होंने एक्टिंग में डेब्यू वेब सीरीज से की थी। उनकी पहली सीरीज ‘पाताल लोक’ है, जिसमें उनका छोटा सा रोल था। इसके बाद उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में एक्टिंग का लोहा मनवाया। यहां पर उन्होंने ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और ‘बधाई दो’ जैसी फिल्मों में काम किया और अपनी पहचान बनाई। इतना ही नहीं, ‘बधाई दो’ में एक्ट्रेस ने भूमि पेडनेकर की गर्लफ्रेंड बनकर काफी लाइमलाइट चुराई थी।
पीएम मोदी के लिए ट्वीट कर बटोरी थी हेडलाइन्स
इसके अलावा चुम दरांग पहली बार लाइमलाइट में तब आई थीं, जब उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी के लिए ट्वीट किया था। उन्होंने साल 2018 में पीएम के लिए ट्वीट किया था। इसमें एक पोस्टर शेयर किया था, जिस पर लिखा था ‘मैं इंडियन हूं’। इसे साझा करने के साथ ही लिखा, ‘भारत के प्रिय प्रधानमंत्री, कब तक हमारे ही देश में हमारे साथ पराए जैसा व्यवहार किया जाता रहेगा? एक वंचित नागरिक मिस चुम दरांग।’
बिजेनसवुमन भी हैं चुम दरांग
इसके साथ ही चुम दरांग एक बिजनेसवुमन भी हैं। वो एक रेस्त्रां भी चलाती हैं। इसकी शुरुआत उन्होंने फिल्मों में आने से पहले साल 2018 में की थी। उन्होंने पासीघाट में कैफे चू नाम से अपना रेस्टोरेंट खोला। वो एक एनजीओ भी चलाती हैं। इसके तहत वो महिलाओं और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए काम करती हैं।
ब्यूटी पेजेंट्स में लिया हिस्सा, जीते कई ताज
चुम दरांग फिल्मों में आने से पहले ब्यूटी पेजेंट्स में भी हिस्सा ले चुकी हैं और इसमें कई ताज अपने सिर पर सजा चुकी हैं। इसमें मिस टियारा इंडिया इंटरनेशनल 2017 रहा है, जिसे वो जीत चुकी हैं। वो ‘मिस इंडिया अर्थ 2016’, और ‘मिस एशिया वर्ल्ड 2017′ का भी हिस्सा रही हैं। इसके अलावा एक्ट्रेस साल 2010 में Miss AAPSU (All Arunachal Pradesh Students’ Union) का भी हिस्सा रही हैं। उन्होंने इसका ताज अपने सिर पर सजाकर लाइमलाइट बटोर ली। इसे उनके करियर का टर्निंग प्वाइंट माना जाता है।
- कैसा रहा स्ट्रगल?
इसके साथ ही अगर चुम दरांग के स्ट्रगल की बात की जाए तो एक्टिंग में आने के लिए उन्हें काफी संघर्ष करना पड़ा है। उन्होंने काफी कुछ झेला है। संघर्ष के दिनों में एक्ट्रेस को नस्लभेदी टिप्पणियों का भी सामना करना पड़ा था। लोग उन्हें ‘मिस चाइनीज’ तो कभी ‘चिंकी’ चिढ़ाते थे।