सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 17’ के वीकेंड का वार का दूसरा एपिसोड रविवार को प्रसारित किया, जो कि काफी धूम-धड़ाके वाला रहा है। इसमें रोमांस से लेकर फटकार और तीखी बहस तक बहुत कुछ देखने के लिए मिला। इसमें कंगना रनौत से लेकर गिप्पी ग्रेवाल तक पहुंचे थे। इस दौरान कंगना घरवालों से मिलने घर के अंदर भी जाती हैं। वो फिल्म ‘तेजस’ के प्रमोशन के लिए घर आई थीं। शो के लेटेस्ट एपिसोड में अंकिता लोखंडे का रोमांटिक अंदाज देखने के लिए मिला। वो पति विक्की जैन के साथ लिपलॉक करती नजर आई हैं। चलिए बताते हैं सभी अपडेट्स…
इसकी शुरुआत अंकिता लोखंडे के लिपलॉक से ही करते हैं। शो में आईं कंगना रनौत घर के अंदर गई थीं। उन्होंने कंटेस्टेंट्स के साथ मजेदार टास्क भी खेले। उन्होंने इस बार घर में आए दो कपल की केमिस्ट्री को भी चेक किया। ये जोड़ी नील भट्ट-ऐश्वर्या शर्मा और अंकिता लोखंडे-विक्की जैन की रही है। इन्हें कंगना ने गाने पर डांस का टास्क दिया। वहीं, अंकिता और विक्की ने ‘हंगामा हो गया’ पर डांस किया था, जो काफी दमदार रहा। दोनों को एनर्जी से भरा देखा गया। डांस के आखिरी में कपल एक-दूसरे को लिपलॉक भी करता नजर आया, जिसे देखकर कंगना भी शरमा जाती हैं। वो कहती हैं, ‘इससे ज्यादा कुछ और मत करना अब आगे।’
सलमान ने लगाई खानजादी की क्लास
इसके अलावा वीकेंड का वार में सलमान खान को खानजादी यानी की फिरोजा खान पर भड़कते हुए देखा गया। दरअसल, मामला कुछ ऐसा था कि सिंगर-रैपर खानजादी लगातार मुनव्वर के बीच बोल रही थीं। इस दौरान सलमान खान उन्हें चार बार टोकते भी हैं कि उनकी बारी नहीं है तो वो चुप रहें लेकिन, इसके बाद भी वो नहीं मानती हैं और भाईजान इसी बात पर गुस्सा हो जाते हैं। वो उनकी क्लास लगाते हुए नजर आते हैं और कहते हैं, ‘आपको समझ नहीं आता है।’ इसके बाद वो वहां से चले जाते हैं।
तीन जोन में बंटे घरवाले
जैसा कि सभी जानते हैं कि ‘बिग बॉस 17’ का घर इस बार तीन भागों में बंटा है। इसे दिल, दिमाग और दम तीन भागों में बांटा गया है। इसी कड़ी में अब घर के सदस्यों को भी तीन हिस्सों में कर दिया गया है। दिल जोन में ईशा मालवीय, अभिषेक कुमार, अंकिता लोखंडे, विक्की जैन, ऐश्वर्या शर्मा और नील भट्ट हैं। दिमाग जोन में मुनव्वर फारूकी, मन्नारा चोपड़ा, फिरोजा खान उर्फ खानजादी, रिंकू धवन, जिग्ना वोरा और नाविद सोल हैं। अब बारी दम की है। इसमें अनुराग डोभाल, अरुण श्रीकांत, तहलका भाई, सना रईस खान और सोनिया बंसल को रखा गया है। इन्हें एक हफ्ते के लिए इस घर में रखा गया है।
पहले हफ्ते कौन हुआ बेघर?
‘बिग बॉस 17’ में पहले हफ्ते घर से बेघर होने के लिए तीन कंटेस्टेंट्स को नॉमिनेट किया गया था। इसमें अभिषेक, नाविद और मन्नारा चोपड़ा के नाम शामिल थे। सलमान जब घर से कंटेस्टेंट्स को बेघर करने के लिए आए तो पहले तो सस्पेंस बरकरार रखा फिर उन्होंने मन्नारा का नाम लिया। अभी वो उठ पातीं इससे पहले उन्होंने बताया कि वो सेफ हैं फिर एक्टर ने नाविद का नाम लिया, लेकिन उन्हें भी बाद में सेफ बताया। इसके बाद अब बारी आती है अभिषेक कुमार की। वो पहले से ही अपना सामान पैक करके बैठे थे। भाईजान ने जैसे ही उनका नाम लिया और कहा कि उन्हें घर से जाना होगा तो वो तुरंत तैयार हो गए। फिर भाईजान ने बताया कि शो का पहला हफ्ता है इसलिए, किसी को भी इस हफ्ते घर से नहीं जाना होगा।
‘लंदन ठुमकदा’ पर मन्नारा ने किया डांस
बीते दिन शो में मन्नारा चोपड़ा को कंगना रनौत के साथ ठुमके लगाते हुए भी देखा गया। उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वो एक्ट्रेस के साथ ‘लंदन ठुमकदा’ पर पंजाबी स्टाइल में डांस कर रही हैं। दोनों के डांस को घरवालों ने खूब इन्जॉय किया था।
