वो शेर कुछ ऐसे है ना कि कौन कहता है कि आसमान में छेद हो नहीं सकता… कोई पत्थर तो तबीयत से उछालों यारों। मेहनत करने वालों की हार कभी नहीं होती है। कई मोड़ पर वो असफलता और कठिनाइयों का सामना करता है मगर इससे उसे काफी कुछ सीखने के लिए मिलता है मगर, देर से ही सही सफलता जरूर मिलती है। कुछ ऐसी ही कहानी एक्ट्रेस सोनिया बंसल (Sonia Bansal) की है। वो सलमान खान के शो ‘बिग बॉस 17’ (Bigg Boss 17) में नजर आने वाली हैं। ऐसे में चलिए आपको उनके बारे में बताते हैं…

‘बिग बॉस 17’ में नजर आने वाली सोनिया बंसल का जन्म आगरा में हुआ। वो वहीं पर पली बढ़ी हैं। उन्होंने आइफा अवार्ड्स 2023 तक का सफर बिना किसी गॉडफादर के तय किया है और अपनी एक नई पहचान बनाई है। उनके पिता बैजनाथ बंसल सेना में अधिकारी रहे हैं। वो 28 अक्टूबर, 1996 तक सेना में अधिकारी रहे हैं। एक्ट्रेस ने अपनी पढ़ाई-लिखाई आगरा, कानपुर और दिल्ली में की। पढ़ाई के साथ-साथ ही सोनिया ने मॉडलिंग में करियर की शुरुआत कर दी थी और एक म्यूजिक वीडियो में काम किया, जिसने उनकी किस्मत ही बदल दी।

‘100 करोड़’ से बॉलीवुड में किया डेब्यू

अगर, सोनिया बंसल के बॉलीवुड करियर की बात की जाए तो उन्होंने राहुल रॉय और शक्ति कपूर की फिल्म ‘100 करोड़’ से की थी। इसके बाद उन्होंने साल 2019 में ‘नॉटी गैंग’, 2021 में ‘डुबकी’ में काम किया। इन फिल्मों के जरिए उन्होंने अपनी अलग ही छाप छोड़ी। वो 2023 में आईफा अवॉर्ड्स का हिस्सा भी बन चुकी हैं, जिसे अपनी लाइफ का सबसे अच्छा एहसास भी मानती हैं।

साउथ में भी काम कर चुकीं सोनिया बंसल

इसके अलावा सोनिया बंसल हिंदी के साथ-साथ साउथ फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। इसमें तेलुगू फिल्म ‘धीरा’ और ‘यस बॉस’ है, जिसकी शूटिंग पूरी हो चुकी है। वहीं, एक्ट्रेस ओटीटी पर भी अपना जलवा बिखेर चुकी हैं। वो समर खान निर्देशित वेब सीरीज ‘शूरवीर’ में नजर आ चुकी हैं। इसे हॉट स्टार पर देखा जा सकता है। एक्ट्रेस ने अपने एक्टिंग करियर को लेकर कहा था कि उन्होंने बिना किसी की मदद और गॉडफादर के इंडस्ट्री में पहचान बनाई है।