Pawan Singh And  Manoj Tiwari: मनोज तिवारी और पवन सिंह एक-दूसरे के काफी अच्छे दोस्त माने जाते हैं। पवन सिंह मनोज तिवारी को अपना बड़ा भाई भी मानते हैं लिहाजा कई बार मनोज तिवारी की कही बातों को वह ध्यान से सुनते हैं। कुछ दिन पहले मनोज तिवारी और पवन सिंह का एक वीडियो सामने आया था जिसमें मनोज तिवारी पवन सिंह को उनके ही गाने में कमिया निकालते हुए नजर आ रहे हैं। साथ ही उसके बेहतर होने का सुझाव भी दे रहे हैं। पवन सिंह मनोज तिवारी की बताई कमियों को स्वीकारते भी हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हो रहा है। दरअसल इस वीडियो में मनोज तिवारी हारमोनियम पर पवन सिंह का गाना ‘सनेहिया लगावल बहुत बात नइखे, नजरिया चुरावल बहुत बात होला’ की धुन बजा रहे हैं।

इस गाने के दूसरी लाइन पर आपत्ति जताते हुए मनोज तिवारी कहते हैं कि नजर चुराना कहां से बड़ी बात हो गई। अगर मैं इस गाने को गाता तो इसे ऐसे गाता- ‘नजरिया चुरावल बहुत बात नइखे, सनेहिया लगावल बहुत बात होला।’ इस बात पर पवन सिंह भी कहते हैं कि मुझे भी यह लाइन खटकती है। अच्छी नहीं लगती है यह लाइन। दोनों इस गाने पर देर तक एक-दूसरे से बहस करते हैं।

इस दौरान पवन सिंह इसी धुन पर लिखा विनय बिहारी के एक गीत को गाते हुए कहते हैं कि यह लाइन काफी अच्छी लगती है। बता दें विनय बिहारी मनोज तिवारी और पवन सिंह के लिए बहुत सारे गीत लिखे हैं। मनोज तिवारी और पवन सिंह के ज्यादातर हिट गानों में विनय बिहारी का ही लिखा गीत शामिल है। वह अब तक 22 हजार तक भोजपुरी गाने लिख चुके हैं। वह भोजपुरी के समीर कहे जाते हैं। मनोज तिवारी फिलहाल राजनीति में सक्रिय हो चुके हैं। वहीं पवन सिंह ने भी उनकी पार्टी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर लिए हैं। हालिया लोकसभा चुनाव में वह गौतम गंभीर और मनोज तिवारी के लिए प्रचार भी करते नजर आए थे।

(और ENTERTAINMENT NEWS पढ़ें)