Hartalika Teej 2025: हरतालिका तीज का पर्व नजदीक है। इस दिन विवाहित महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं। यह व्रत बेहद कठिन माना जाता है क्योंकि यह निर्जला होता है- इसमें न तो भोजन किया जाता है और न ही जल ग्रहण किया जाता है। यह उपवास पूरे 24 घंटे का होता है और परंपरा के अनुसार इसमें सोना भी वर्जित है। दिनभर भूखे-प्यासे रहने के बाद महिलाएं शाम को 16 श्रृंगार कर भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करती हैं।
इस पावन अवसर पर महिलाएं शिव भजन और तीज गीत गाती हैं। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में भी तीज को लेकर कई लोकप्रिय गाने बने हैं। इन्हीं में से एक गीत फिल्म ‘राजा बाबू’ का है, जिसके बोल हैं- “रखिहा सेनुरवा के लाज”। यह गाना इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब सुना जा रहा है।
फिल्म ‘राजा बाबू’ में दिनेश लाल यादव निरहुआ, आम्रपाली दुबे और मोनालिसा मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी में निरहुआ की दो पत्नियां दिखाई गई हैं और दोनों ही अपने पति की लंबी उम्र के लिए तीज का व्रत रखती हैं। गाने में आम्रपाली और मोनालिसा भगवान शिव से अपने पति के लिए लंबी उम्र और अटूट प्रेम की कामना करती हैं।
इस गाने को गाया है कल्पना, पामेला जैन और नीतू सिंह ने। इसके बोल लिखे हैं प्यारे लाल यादव ने, संगीत दिया है छोटे बाबा ने और निर्देशन किया है मंजुल ठाकुर ने, जो इस फिल्म के डायरेक्टर भी हैं।
यह गाना 7 साल पहले यूट्यूब चैनल Wave Music Bhakti पर अपलोड किया गया था और अब तक इसे 133 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
कब है हरतालिका तीज 2025?
इस बार हरतालिका तीज का व्रत 26 अगस्त 2025, मंगलवार को मनाया जाएगा।