Bhojpuri cinema award 2019: 21 सितंबर को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में भोजपुरी सिनेमा स्क्रीन एंड स्टेज अवॉर्ड 2019 (Bhojpuri cinema award 2019) का आयोजन किया गया। इस अवार्ड्स फंक्शन में भोजपुरी (Bhojpuri Award) के लगभग हर छोटे-बड़े कलाकार शामिल हुए। इस दौरान भोजपुरी फिल्मों के हर कैटेगरी के लिए कलाकारों को अवॉर्ड प्रदान किया गया। वहीं इस अवॉर्ड फंक्शन में दिनेश लाल यादव निरहुआ (Nirahua) की फिल्म निर्माण कंपनी- ‘निरहुआ एंटरटेनमेंट’ ने एक के बाद एक कई कैटेगरी में 10 अवॉर्ड अपने नाम किए। निरहुआ एंटरटेनमेंट को ये 10 पुरस्कार इसके बैनर तले बनी फिल्म ‘बॉर्डर’ और ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 3’ के लिए दिए गए। इसके साथ ही ‘निरहुआ हिंदुस्तानी 3’ की चंपा यानी आम्रपाली दुबे को इस फिल्म के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड प्रदान किया गया। एक्ट्रेस ने इस पुरस्कार के लिए सोशल मीडिया पर लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया है।
आम्रपाली दुबे (Amrapali Dubey) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर इवेंट की तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा- निरहुआ हिंदुस्तानी 3 के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड मिला। चंपा ने फिर से लोगों का दिल जीता है। इस प्यार और आशीर्वाद के लिए दर्शकों का दिल से शुक्रिया। इसके साथ ही दूसरे पोस्ट में आम्रपाली ने बॉर्डर और निरहुआ हिंदुस्तानी 3 के लिए एंटरटेनमेंट निरहुआ के मिले 10 अवॉर्ड के लिए भी दर्शकों का शुक्रियादा करते हुए लिखा- बॉर्डर और निरहुआ हिंदुस्तानी 3 के लिए एंटरटेनमेंट निरहुआ को कुल 10 अवॉर्ड मिले हैं। दिनेश लाल यादव और परवेश लाल यादव को बधाई। इस पोस्ट पर दिनेश लाल ने जवाब में लिखा- बहुत शुक्रिया।
मालूम हो कि आम्रपाली दुबे ने दिनेश लाल यादव की फिल्म निरहुआ हिंदुस्तानी से भोजपुरी फिल्मों में डेब्यू किया था। इसके बाद से वह दिनेश लाल यादव के साथ 20 से ज्यादा फिल्में कर चुकी हैं। निरहुआ और आम्रपाली दुबे की जोड़ी को भोजपुरी फिल्म की बेस्ट जोड़ी मानी जाती है। हाल ही में दोनों की फिल्म लल्लू की लैला रिलीज हुई है जिसको दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं। इसके साथ ही आम्रपाली पवन सिंह की फिल्म शेर सिंह में भी नजर आने वाली हैं। फिल्म का ट्रेलर लोगों के बीच खूब देखा जा रहा है।
