सुशांत सिंह राजपूत की खुदकुशी के बाद नेपोटिज्म की बहस छिड़ी तो बिहार में एक्टर के फैंस सलमान खान सहित करण जौहर, संजय लीला भंसाली पर जमकर अपनी भड़ास निकाली। कुछ ने आक्रोश मार्च निकाला तो कुछ ने भोजपुरी गानों के जरिए सलमान खान को निशाने पर लिया। यूट्यूब पर ऐसे दर्जनों भोजपुरी गाने बने हैं जिसमें सलमान खान को सीधे तौर पर टारगेट किया गया है।

हाल ही में सुशांत सिंह राजपूत के परिवार से मिलने पहुंच भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह ने ऐसे गायकों को नसीहत दी है कि ऐसे गाने बंद होने चाहिए। ये पब्लिसिटी का वक्त नहीं है। ये दुख की घड़ी है। किसी का भाई मरा है, किसी का बेटा मरा है। वहीं गुंजन सिंह का कहना है कि उन्होंने सुशांत सिंह के पिता को आश्वासन दिया कि जब भी जरूरत पड़े कहिएगा। लाखों लोग इकट्ठा हो जाएंगे।

वहीं सलमान खान के नाम पर गुंजन सिंह ने कहा कि कुछ तो सच्चाई है। बहुत से लोग डर रहे हैं। पता नहीं क्या हो जाएगा। मुझे कोई डर नहीं है। चाहे वह सलमान खान हो या कोई और। सीबीआई की जांच होगी अगर सही में ऐसा निकला तो बदला लिया जाएगा। गुंजन सिंह ने इस दौरान कहा कि सुशांत सिंह के निधन के बाद वह कई रात सो नहीं पाए थे। बार बार लग रहा था कि सपने में मेरा भाई (सुशांत) आ रहा है।

बॉलीवुड के साथ भोजपुरी इंडस्ट्री में फैले नेपोटिज्म को लेकर गुंजन सिंह ने कहा कि हर समय चुप रहने और डरने की जरूरत नहीं है। जो जैसा है उसके साथ वैसे ही पेश आना चाहिए।

गुंजन सिंह ने इस दौरान शाहिद कपूर और शाहरुख खान द्वारा सुशांत सिंह के नाम का मजाक बनाए जाने को लेकर कहा कि अगर मैं रहता तो बताता कि ये नाम है कि एड्रेस है। लेकिन मेरा भाई किसी कारण चुप रह गया। क्योंकि वह ऐसा आदमी था ही नहीं। हमेशा खुश रहने वाला इंसान था।