साल 2006 में गरीबों के लिए एक एसी ट्रेन की शुरुआत की गई जिसका नाम है- गरीब रथ। इस ट्रेन की शुरुआत तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव ने की थी। मक़सद गरीबों को कम पैसे में एसी ट्रेन की सुविधा देना था। लालू ने गरीबों के लिए सस्ते में एसी ट्रेन तो चलाई लेकिन बिहार में उनकी भ्रष्टाचार की छवि को गाहे-बगाहे किसी ना किसी रूप में लोग लाते रहे।

भोजपुरी के लोक गायक सुनील छैला बिहारी ने भी गरीब रथ को लेकर अपने एक गाने से लालू पर तंज कसा था। छैला बिहारी ने गाया था- पंद्रह बरिस भरला खाली अपना घर के टंकी, चला के गरीब रथ कइला शुरुआत नया नौटंकी (15 साल अपने घर की खाली टंकी भरे, और अब गरीब रथ चलाकर नए नौटंकी की शुरुआत की है)..। वहीं लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान पर भी छैला बिहारी ने तंज कसते हुए कहा था वे भी खगड़िया के लिए कुछ नहीं किए। सुनील छैला बिहारी ने रामविलास पर तंज कसते हुए गाया था- दलित परिवार में भइल अवतार हो, लागल रहे तोहरा उपर आस भईया, खगड़िया ला कुछ ना कइले रामविलास भईया…।

सुनील छैला बिहारी का दोनोंं ही भोजपुरी गाना होली के मौके पर रिलीज किया गया था। लालू पर गाए छैला बिहारी का गाना साल 2007 में जनवरी के महीने में रिलीज किया गया था। गाने की शुरुआत लालू के इंटरव्यू से होती है जिसमें उनसे बिहार में नीतीश सरकार के आने और उनकी जय जयकार होने को लेकर सवाल किया जाता है। गाने में पत्रकार बने छैला बिहारी लालू बने शख्स से सवाल करते हैं कि नीतीश की जब से सरकार बनी है उनकी जय जयकार हो रही है। लालू जवाब में कहते हैं कि जय जयकार तो उन्हीं के पार्टी के कार्यकर्ता ही 500 रुपए लेकर कर देते हैं।

लालू बना शख्स कहता है कि नीतीश ने तो पढ़े-लिखे को काम दिया हमने तो अनपढ़ लोगों को काम दिया। राबड़ी देबी ठीक से रोटी नहीं बना पाती थी लेकिन उसे मुख्यमंत्री बना दिया। अंगूठा छाप साले को सांसद बना दिया। गाने में लालू पर किस तरह से छैला बिहारी ने निशाना साधा है, देखिए-

चोरी, डाका, खून, खराबा, जात-पात के दिहला बढ़ावा
अपहरण रंगदारी करे वालन से लिहला चढ़ावा
जब तक सत्ता में रहला जनता के बुझला मंकी
चला के गरीब रथ कइला शुरुआत नया नौटंकी….सुनिए यहां गाना-

छैला बिहारी बिहरा के खगड़िया के रहने वाले हैं। वे भोजपुरी के लोकप्रिय गायकों में से एक रहे हैं। करियर के शुरुआती दिनों में छैला बिहारी ने एक से बढ़कर एक भोजपुरी गीत गाएं। रवि किशन सहित कई भोजपुरी स्टार्स संग फिल्में भी कर चुके हैं।

बता दें लालू प्रसाद यादव 23 दिसंबर, 2017 से चारा घोटाले के तीन मामलों में 14 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा पाने के बाद से रांची के बिरसा मुंडा जेल में बंद हैं। इससे पूर्व साल 2013 में चारा घोटाले के एक मामले में भी उन्हें सजा हो चुकी है।