भोजपुरी में अश्लील गानों का मुद्दा हमेशा बना रहता है। दर्शक, भोजपुरी श्रोताओं से लेकर कई एक्टर भी इस बात को स्वीकार चुके हैं कि भोजपुरी गाने अन्य भाषा के गानों के बरक्स ज्यादा अश्लील होते हैं। जिन्हें परिवार के साथ सुना नहीं जा सकता। इस बीच भोजपुरी सिनेमा की खूबसूरत एक्ट्रेस स्मृति सिन्हा ने भी एक फैंस के इसी मुद्दे से जुड़े सवाल के जवाब में काफी कुछ कहा है।

भोजपुरी में गानों का जो चलन है वो अच्छा नहीं लगता। ऐसे गाने घर पर नहीं सुन सकते। इस बारे में क्या कहना है? फैंस के इस सवाल पर स्मृति सिन्हा ने जवाब देते हुए कहा कि ये सिर्फ भोजपुरी की बात नहीं है। आजकल तो ऐसा हो गया है कि हिंदी में भी या अंग्रेजी गानों में भी ये है। उनको ध्यान से सुनें तो।

स्मृति सिन्हा ने आगे कहा कि आजकल गानें पता नहीं क्या सोचकर लिखते हैं लोग। ऐसा लगता है जैसे शब्द खत्म हो गए हैं लोगों के पास। ये दुख की बात है। लेकिन पता नहीं क्यों टारगेट सिर्फ भोजपुरी को किया जाता है। भोजपुरी में ऐसे गाने बनते हैं तो हिंदी और अंग्रेजी गाने भी वैसे ही हैं। स्मृति सिन्हा ने हाल ही में रानी चटर्जी के वेब सीरीज मस्तराम को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रानी के बोल्ड किरदार को लेकर कहा है कि वह पहले से ही बोल्ड रही हैं लेकिन वेब शो मेंं उनका सीन बिल्कुल भी अपीलिंग नहीं लगा।

स्मृति सिन्हा बिहार के भागलपुर में जन्मीं। उन्होंने साल 2012 में भोजपुरी के जुबली स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ के साथ फिल्म रंगीला बाबू से करियर की शुरुआत की। फिल्म हिट हुई और फिर करियर में कई अच्छी फिल्में कीं। उन्होंने भोजपुरी के सभी बड़े एक्टर्स के साथ काम किया। लेकिन खेसारी लाल के साथ उनकी जोड़ी काफी पसंद की गई इसके बाद दोनों ने साथ में कई फिल्में कीं। स्मृति सिन्हा भोजपुरी में अब तक 20 से ज्यादा फिल्में कर चुकी हैं।

टीवी सीरियल में भी किया काम
स्मृति सिन्हा भोजपुरी फिल्मों में आने से पहले कई टीवी शोज कर चुकी थीं। जिनमें सात फेरे, मायका, रहना है तेरी पलकों की छांव में और मेरा नाम करेगी रोशन जैसे पॉपुलर शो शामिल हैं। 2008 से 2010 तक टीवी इंडस्ट्री में सक्रिय रहने के बाद स्मृति सिन्हा ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री का रुख किया और एक बेहतरीन अभिनेत्री बनकर उभरीं। स्मृति सिन्हा खेसारी लाल के साथ फिल्म भाग खेसारी भाग में नजर आईं थीं जिनके रोल को दर्शकों ने काफी एन्जॉय किया था।