भोजपुरी फिल्मों की सुपरस्टार अक्षरा सिंह अपना 25वां जन्मदिन मना रही हैं। अक्षरा सिंह ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री को अब तक कई हिट फिल्में दी हैं। अक्षरा सिंह के प्रशंसकों की संख्या हजारों में है। जन्मदिन के इस खास मौके पर उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की जानी मानी अभिनेत्री आम्रपाली दुबे समेत कई अन्य कलाकारों और उनके चाहने वालों ने उन्हें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दी हैं। अब इस अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर बतलाया है कि उनकी लाइफ के इस सबसे अहम दिन को किसने यादगार बनाया है?

अक्षरा सिंह ने बीते बुधवार (29-08-2018) को अपने एक प्रशंसक की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा है कि ‘मेरा जन्मदिन कल है लेकिन आज इस लड़के ने मेरे इस साल के जन्मदिन को यादगार बना दिया इस लड़के ने जिसका नाम है धीरू। धीरू रायपुर से मुम्बई खास मुझे जन्मदिन की बधाई देने आया। उसके द्वारा मिला तोहफा आपके सामने है। सच मे अविस्मरणीय पल है मेरे लिए क्योंकि ऐसे फैन्स ही हमें स्टार्स बनाते हैं।’

अक्षरा सिंह का जन्म 30 अगस्त 1993 को मुंबई में हुआ था। अक्षरा सिंह मूल रुप से बिहार के पटना की रहने वाली हैं। उनके पिता का नाम बिपिन सिंह और मां का नाम निलिमा सिंह है। अक्षरा सिंह ने साल 2011 में आई भोजपुरी फिल्म ‘प्राण जाए पर वचन ना जाए’ से अपना डेब्यू किया था। अक्षरा सिंह छोटे पर्दे के शो ‘काला टीका’ में भी नजर आ चुकी हैं। अभिनेत्री के साथ-साथ अक्षरा सिंह एक सिंगर भी हैं।