भोजपुरी एक्ट्रेस अक्षरा सिंह अपने दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय हैं। अपनी फिल्मों और गानों की बदौलत वो हमेशा चर्चा में बनी रहती हैं। अक्षरा सिंह ने अपने करियर की शुरुआत अभिनय से की थी और अब वो गायकी के क्षेत्र में भी झंडे गाड़ रहीं हैं। आज वो भोजपुरी की सबसे महंगी अभिनेत्रियों में से एक हैं। लेकिन एक समय था जब अक्षरा सिंह ने फिल्मों में कदम रखा तो उनके परिवार और रिश्तेदारों की तरफ़ से उन्हें ताने सुनने को मिले थे।

हाल ही में अक्षरा सिंह ने बीबीसी हिंदी से बातचीत की जहां उन्होंने अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने बताया, ‘पाबंदियां लगती थी कि अरे नचनिया बनेगी, गवैया बनेगी। ये सभी उंगलियां उठती थीं।’ अक्षरा सिंह ने बताया कि वो पटना से हैं और पहले उन्हें पूरी तरह से भोजपुरी नहीं आती थी। जब उन्होंने फिल्मों में काम करना शुरू किया तो भोजपुरी न जानने के कारण उन्हें कई बातें समझ नहीं आई और वो अपने लिए सही फिल्मों का चुनाव नहीं कर पाईं। उन्होंने बताया कि वो बहुत कम उम्र में ही भोजपुरी फिल्मों में आ गईं थीं।

उन्होंने कहा, ‘एक दौर गुजर जहां समझ नहीं थी। उस वक्त मैं इतनी बड़ी एक्ट्रेस भी नहीं थी कि ये बोल सकूं कि मैं ये नहीं करुंगी। तब सब कुछ नया था तो जो मिला, मुझे करना पड़ा। अब जब समझ आई तब लगा कि ये सही है, ये गलत है। जहां गलत लगा मैंने सवाल किया। मैं गाने भी गा रही हूं तो अब लगता है कि मैं चीज़ों को अलग रूप दे सकती हूं।’

अक्षरा सिंह ने बताया कि उन्होंने हाल ही में एक फिल्म करने से मना कर दिया क्योंकि उसके कुछ सीन्स ऐसे थे जिनसे उन्हें आपत्ति थी। उन्होंने बताया कि कई लोग उनके पास गाने के ऑफर्स लाते हैं लेकिन जो उन्हें सही नहीं लगता, वो मना कर देती हैं। वो कहती हैं कि अगर महिलाओं के प्रति भोजपुरी इंडस्ट्री में बदलाव लाना है तो एक स्टैंड लेना पड़ेगा और वो वही कर रही हैं।

अक्षरा सिंह की अपकमिंग फिल्म की बात करें तो वो जल्द ही महिला प्रधान फिल्म, ‘डोली’ में नजर आनेवाली हैं। अक्षरा सिंह भारतीय टीवी जगत में भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने लोकप्रिय धारावाहिक, ‘काला टीका’ में काम किया है। साथ ही वो धारावाहिक ‘सूर्यपुत्र कर्ण’ और ‘सर्विस वाली बहू’ में भी काम कर चुकीं हैं।