Bhojpuri Actor Yash Kumar: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी किस्मत आजमाने को लेकर कई एक्टर्स और एक्ट्रेस के संघर्ष की कई कहानियां मौजूद हैं। मुंबई में ना सिर्फ बॉलीवुड में बल्कि भोजपुरी फिल्मों में एक रोल के लिए संघर्ष करते युवा मिला जाएंगे। ऐसी ही कहानी भोजपुरी के एक्शन हिरो यश कुमार की रही है। उत्तर प्रदेश के गोंडा से एक्टर बनने के लिए साल 2002 में जब वह माया नगरी का रुख किए तो उन्हें क्या पता था कि मंदिरों में पेट भरना पड़ेगा और घर का खर्च चल सके इसके लिए सड़कों पर घूम-घूम कर बल्ब बेचना पड़ेगा। एक इंटरव्यू में अपने संघर्ष के दिनों की कहानी बताते हुए यश कुमार ने कहा था कि मेरा स्ट्रगल 10 सालों तक का रहा।
साल 2002 से लेकर 2012 तक ना जाने कितनी रात ना जाने कितने साल मैंने भूखे गुजारा है। दो वक्त की तब रोटी भी ठीक से नसीब नहीं हो पाती थी। ना जाने कितने ऐसे वक्त रहे जब मैं मंदिरों में जाकर अपना पेट भरता था। इन स्ट्रगल के दिनों में एक वक्त ऐसा भी रहा जब सड़कों के किनारे खड़े होकर सीएफएल बल्ब बेचा ताकि पेट भर सकूं। यश ने आगे बताया था कि एक बार स्थिति ऐसी बन गई मैं टैक्सी चलाने की सोच ली। इसके लिए सब चीजें समझ ली थी। लेकिन किस्मत को कुछ और मंजूर था।
यश कुमार ने इस दौरान आगे बताया कि उनकी किस्मत तब बदली जब साल 2013 में ‘दिलदार संवरिया’ फिल्म मिली। दिलदार संवरिया ने उन्हें भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग नाम पहचान दिलाई। यश कुमार बताते हैं कि तब वह पहली फिल्म को लेकर काफी डरे हुए थे क्योंकि उस समय तीन सिंगर यानी पवन सिंह, दिनेश लाल यादव और खेसारी लाल ही भोजपुरी इंडस्ट्री को चला रहे थे। इस दौरान सैकड़ों नए चेहरे आए लेकिन सब एक फिल्म के बाद गुम हो गए।
बता दें यश कुमार ने मशहूर अभिनेत्री अंजना सिंह से शादी की है। दोनों की एक बेटी भी है। अंजना सिंह भोजपुरी की एक ऐसी एक्ट्रेस हैं जिन्होंने 17 फिल्में एक साथ साइन की थी। यश ने भोजपुरी फिल्मों जैसे ‘हीरो गमछे वाला’, ‘कसम पैदा करने वाले की’,’ नागराज’, ‘सरगना कुशीनगर’ रंगदारी टैक्स’,’एक रजाई तीन लुगाई’,’लुटेरे’ जैसी फिल्मों में काम किया है। साल 2017 में उन्होंने ‘हैप्पी बर्थडे टू यू ..’ गीत रिकॉर्ड किया जिसे उन्होंने अपनी बेटी के पहले जन्मदिन पर गाया था।