भोजपुरी सुपरस्टार और BJP सांसद रवि किशन अब एक ऐसी फिल्म पर काम करने जा रहे हैं, जिसमें वह आध्यात्मिक गुरु ओशो की भूमिका निभाते दिखेंगे। अब तक ओशो पर कई डॉक्यूमेंट्रीज और शॉर्ट फिल्में बन चुकी हैं, लेकिन अब उनके जीवन पर एक हिंदी फिल्म बनने जा रही है, जिसमें रवि किशन ओशो के अवतार में नजर आएंगे। फिल्म में ओशो की जिंदगी से जुड़े किस्से और विवाद दिखाए जाएंगे।

‘सीक्रेट्स ऑफ लव’ नाम की फिल्म में रवि किशन ओशो के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म को रितेश एस कुमार डायरेक्ट कर रहे हैं। इसमें ओशो की जिंदगी और उनका सफर, उनकी फिलॉसिफी को विशेष रूप से दिखाया जाएगा। इस फिल्म और किरदार को लेकर रवि किशन कहते हैं- ‘जब आपको कहा जाता है कि ऐसी पर्सनालिटी का किरदार आपको निभाना है जो न सिर्फ लोकप्रिय है बल्कि विवादित भी है, तो वो बड़ी जिम्मेदारी का काम हो जाता है। ओशो के किरदार को निभाने के लिए मुझे बहुत मेहनत करनी होगी काफी रिसर्च करनी पड़ेगी, किताबें पढ़नी होंगी।’

बता दें, ओशो के विचारों को देश और विदेश में लाखों-करोड़ों लोग फॉलो करते हैं। पुणे में ओशो का आश्रम है जहां आए दिन बॉलीवुड सेलेब्स ज्ञान-ध्यान के लिए पहुंचते रहे हैं। रवि किशन भले ही रील लाइफ में ओशो का किरदार निभाने जा रहे हैं, लेकिन बॉलीवुड के कई ऐसे सेलिब्रिटी हैं जो रियल लाइफ में ओशो को फॉलोअर रहे हैं। अपना करियर छोड़ ओशो के आश्रम में माली से लेकर टॉयलेट तक की सफाई का काम किया है।

करियर के पीक पर सन्यासी बन गए थे विनोद खन्ना: अभिनेता विनोद खन्ना ने अपने करियर के बीच में अचानक से सब कुछ छोड़ दिया था। उनकी मां के देहांत के बाद वह काफी अकेला महसूस करने लगे थे। ऐसे में उन्होंने अपना सारा ध्यान ओशो पर लगाया। वह उनसे इतने प्रभावित हुए कि अपना फिल्मी करियर छोड़ दिया। उन्होंने संन्यास की घोषणा कर दी और सात्विक रूप धारण कर लिया था।

विनोद खन्ना अमेरिका स्थित ओशो के आश्रम जाकर रहने लगे। वहां वो आश्रम में माली से लेकर साफ-सफाई आदि का काम करते थे। कई बार टॉयलेट आदि भी साफ करना पड़ता था। ओशो के आश्रम में विनोद खन्ना का नाम था स्वामी विनोद भारती। विनोद ने वहां कर तरह का काम किया। उन्होंने बर्तन धोने से लेकर टॉयलेट साफ करने तक का काम शामिल था। बाद में वे भारत लौट आए थे। कहा जाता है कि ओशो की वजह से ही उनका अपनी पत्नी गीतांजलि से तलाक हुआ।

इरफान खान को भी ओशो के पास मिली थी मन की शांति: दिग्गज एक्टर इरफान खान जब अपनी गंभीर बीमारी का इलाज कराने लंदन पहुंचे थे उस वक्त उन्होंने ओशो के विचारों को सुना। एक्टर उस वक्त न्यूरो एंडोक्राइन ट्यूमर से जूझ रहे थे। ऐसे में इरफान अपना वक्त ओशो की किताबों के साथ गुजारते थे। इरफान ने पुणे स्थित ओशो इंटरनेशनल मेडिटेशनन रिजॉर्ट में भी एक दिन बिताया था।

फिल्ममेकर महेश भट्ट भी थे फॉलोअर: एक दौर था जब फिल्ममेकर महेश भट्ट पर ओशो के विचारों का बहुत प्रभाव रहा। वे ओशो को खूब मानते थे और काफी समय तक उन्हें फॉलो भी किया। लेकिन बाद में महेश का ओशो से मोहभंग हो गया।

इसी तरह बॉलीवुड कोरियोग्राफर, ‘सालसा डांस’ के सम्राट और ‘डांस इंडिया डांस ‘ के जज संदीप सोपारकर को भी ओशो के आश्रम में देखा गया। वे जब 18 साल के थे तब भी आश्रम आए थे। इसके अलावा और भी बॉलीवुड के कई ऐसे कलाकार हैं जिनपर ओशो का बहुत प्रभाव रहा है।