भोजपुरी सिनेमा के देसी स्टार समर सिंह (Samar Singh) भले ही जेल से बाहर आ चुके हैं लेकिन, दिवंगत एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के सुसाइड केस में अभी भी वो घिरे हुए हैं। एक्ट्रेस की मां समर सिंह पर निशाना साधने और आरोप लगाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। वो लगातार बेटी के लिए न्याय की मांग कर रही हैं। वो आज भी समर सिंह को अपनी बेटी की हत्या का आरोपी मानती हैं। ऐसे में करवा चौथ के मौके पर समर सिंह के साथ आकांक्षा का पुराना वीडियो सामने आया है, जिसे दिवंगत अभिनेत्री के इंस्टाग्राम पेज से शेयर किया गया है। इसके साथ लंबी चौड़ी पोस्ट भी लिखी गई है, जिसमें समर पर आरोप लगाए हैं।
दिवंगत एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के इंस्टाग्राम पेज से शेयर किए गए पुराने वीडियो में देखा जा सकता है कि आकांक्षा, समर के लिए करवा चौथ का व्रत की हुई हैं और वो करवा चौथ की सारी रस्में करते हुए नजर आती हैं। इसमें उन्हें साड़ी में संज-संवरे देखा जा सकता है। वो छलनी से समर सिंह को निहारते हुए नजर आ रही हैं। वो एकदम पति-पत्नी के जैसे दिखाई दे रहे हैं।
आकांक्षा दुबे और समर सिंह के इस वीडियो को शेयर करते हुए लंबी-चौड़ी पोस्ट भी शेयर की गई है। इसके साथ ही लिखा गया है, ‘इस वीडियो में आकांक्षा दुबे ने समर सिंह के लिए करवा चौथ का व्रत किया है और अपना व्रत खोल रही है…जैसा की होता है…समर सिंह के लोग पहले आकांक्षा के हर वीडियो को फिल्म का हिस्सा बता रहे थे तो अब भोजपुरी फिल्म का बहुत बड़ा जानकार बताए कि ये क्या है…अभी भी कितना ढकोगे तुम लोग समर सिंह को।’

‘बच्चा किसी और से… शादी किसी और से’
पोस्ट में आगे लिखा गया, ‘बच्चा किसी और से… शादी किसी और से… मोहब्बत किसी और से… कितनी लड़कियों को एक साथ करवा चौथ का व्रत रखवा रहा था ये समर सिंह…मेरी बेटी तो इसके धोखे का शिकार होकर इस दुनिया से चली गई…या फिर इस बनावटी रिश्ते पर विश्वास कर लेना उसके जीवन की सबसे बड़ी भूल साबित हुई…मैं समय रहते अपनी बेटी को नहीं बचा पाई लेकिन उसके न्याय की लड़ाई ये मां आखिरी सांस तक लड़ेगी और सजा दिलवाएगी अपनी बेटी के कातिलों को…आप सब से प्रार्थना है कि आप सब आवाज उठाओ ताकि इसे सजा हो ताकि कोई और बहन बेटी इसका शिकार ना बन सके।’
2023 में हुआ था आकांक्षा दुबे का निधन
गौरतलब है कि भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे का निधन पिछले साल 26 मार्च, 2023 को निधन हो गया था। बनारस के एक होटल में एक्ट्रेस का फंदे से लटका हुआ शव मिला था, जिसका आरोप भोजपुरी सिंगर समर सिंह पर लगा था। वो काफी दिनों तक गायब भी रहे थे फिर उन्हें उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पुलिस ने अरेस्ट किया था। फिर कई महीनों बाद वो बेल पर जेल से बाहर आ गए। आकांक्षा दुबे केस में कई बड़े खुलासे हुए थे। सीमन की भी रिपोर्ट सामने आई थी। आकांक्षा की मां ने बेटी की मौत का आरोपी समर सिंह को बताया था और कई गंभीर आरोप लगाए थे। दिवंगत एक्ट्रेस की मां आज तक बेटी के लिए न्याय की मांग कर रही हैं। इस घटना ने भोजपुरी इंडस्ट्री को हिलाकर रख दिया था।