भोजपुरी में यूं तो एक से बढ़कर एक गायक हैं। फिर चाहे वो फीमेल हों या फिर मेल। लेकिन कुछ ही सितारे हैं, जिनकी इंडस्ट्री में तूती बोलती है। इस लिस्ट में अगर फीमेल सिंगर्स की बात की जाए तो इसमें शिल्पी राज (Shilpi Raj) और प्रियंका सिंह (Priyanka Singh) जैसे सितारों के नाम आते हैं। ऐसे में अब खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) के साथ ‘नथुनिया’ (Nathuniya) जैसे गाने गा चुकीं प्रियंका को सरेआम अपमान झेलना पड़ा। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें उन्हें रोते-बिलखते हुए देखा जा सकता है। वहीं, उनके सपोर्ट में भोजपुरी सेलेब्स सामने आए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर इस घटना की निंदा की है।
दरअसल, प्रियंका सिंह हाल ही में गोपालगंज में थावे वाली माता की पावन भूमि पर दो दिवसीय थावे महोत्सव में गई थीं। इस महात्सव का रंगारंग कार्यक्रम आयोजित किया गया था। अब ये महोत्सव सुर्खियों में है। इसकी वजह भी बेहद ही शर्मनाक है। इसमें भोजपुरी की फेमस सिंगर प्रियंका सिंह भी शामिल हुई थीं और उनके साथ लाइव शो में ही गलत तरीके से व्यवहार किया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने जिला प्रशासन को खूब खरी-खोटी सुनाई। सामने वीडियो में सिंगर को रोते-बिलखते हुए देखा जा सकता है। यहां तक कि शो को होस्ट कर रही महिला उनसे माइक तक छीन लेती है। वो उससे बार-बार अपनी बात रखने का अनुरोध करती हैं मगर उसे जरा भी फर्क नहीं पड़ता है।
प्रियंका सिंह को वीडियो में कहते हुए सुना जा सकता है कि ‘आप मेरे साथ अच्छा नहीं कर रही हैं। कोई कलाकार गा रहा हो और आप बीच में बार-बार आकर रोकती हैं। ये ठीक नहीं है। मैं गाने के लिए मर नहीं रही हूं। मेरे पास गाने के लिए बहुत सारा मंच है। यहां के जिला प्रशासन का बहुत गंदा आयोजन है। मेरे 10 साल के करियर का पहला और सबसे गंदा अनुभव है ये। 10 साल बाद यहां के किसी कलाकार को इस तरह से सम्मान दिया गया बहुत गलत किया। इसका न्याय थावे वाली मां करेंगी मैं बोलकर जा रही हूं। आज’। अब उनके सपोर्ट में भोजपुरी स्टार्स उतरे हैं। आइए जानते हैं किसने क्या कहा?
अक्षरा सिंह ने किया ट्वीट
अक्षरा सिंह सिंगर प्रियंका सिंह के अपमान वाला वीडियो शेयर करते हुए इवेंट ऑर्गेनाइजर और वहां के प्रशासन को जमकर खरी-खोटी सुनाई। साथ ही उस महिला पर अपनी भड़ास भी निकाली है। उन्होंने लिखा, ‘एक कलाकार के साथ इतना गिरा हुआ व्यवहार बहुत निंदनीय है बहुत भाग्य से ईश्वर किसी को कलाकार के रूप में जन्म देते है
अभद्रता की पराकाष्ठा…..कहने को सभ्य समाज की महफील पर अभद्रता की पराकाष्ठा , देखिए कैसे अपने प्रभाव का खुद तमाशा दिखा रहे हैं ये लोग भुल गए की मंच की मर्यादा और एक लड़की उससे पहले कलाकार की इज्जत सरेआम कर रहें हैं जब भी किसी भी कलाकार की बात आएगी तो मैं ऐसे पढ़े लिखे जाहीलों का खुल के विरोध करूंगी…। स्टेज पर माइक छीन रही ये औरत भी शायद ये भूल गई है कि एक औरत होकर औरत का अपमान कर रही है, धिक्कार है मेरा विरोध है ऐसे आयोजकों का’।
वहीं, लिरिक्स राइटर और सिंगर विजय चौहान ने लिखा, ‘नमस्ते प्रणाम, मेरा भोजपुरिया समाज एक ऐसी भाषा और ऐसा क्षेत्र जहां मिट्टी के कण कण में प्रेम बसता है। उसी भाषा के एक छोटे से क्षेत्र गोपालगंज थांवे की पावन पवित्र धरती के एक बड़े मंच पे एक लड़की जो कि भोजपुरी सिनेमा जगत की एक बेहतर पार्श्वगायिका है उसे फुट फुट कर रोना पड़ता है, सुनकर और देखकर कष्ट हुआ और उससे भी ज्यादा कष्ट ये जानकर हुआ कि वो क्षेत्र उस लड़की का अपना क्षेत्र था, प्रिय भोजपुरी श्रोतागण व मंच संयोजककर्तागण, हम आप सभी से ये अपील करना चाहेंगे कि अगर किसी कलाकार को किसी भी मंच पर आमंत्रित किया जाए तो उसे सम्मान दिया जाए उसे खुश रखा जाए क्योंकि वो कलाकार केवल कलाकार नहीं आपके मनोरंजक वस्तुओं की भांति है। हम इस चीज का ख्याल रखें कि कोई भी कलाकार हमारे दरवाजे से रोकर नहीं हस के विदा हो हमारी बातों को दिल पर जरूर लें क्योंकि ये बात लेने लायक हैं। क्षमाप्रार्थी व सबको एक बार फिर प्रणाम’।
शिल्पी राज ने भी शेयर की पोस्ट
वहीं, सिंगर शिल्पी राज ने भी प्रियंका सिंह के सपोर्ट में एक पोस्ट लिखी। उन्होंने लिखा,’मैं क्या लिखूं प्रियंका दीदी आपके बारे में, मैं बस इतना जानती हूं कि आप भोजपुरी की धरोहर हैं। जब आपको सम्मान करना नहीं जानते हैं, तो क्यों बुलाते हैं लोग किसी भी महोत्सव में और एक बात मैं उस लड़की को बोलूंगी आपने जो बर्ताव किया है बहुत गलत किया है, आपने प्रियंका दीदी को नहीं हम सभी कलाकार को ठेस पहुंचाई है और इसका इंसाफ थावे वाली मां ही करेंगी। मैं सभी लोगों से रिक्वेस्ट करुंगी कि किसी भी शो या महोत्सव छोटे या बड़े कोई भी कलाकार मंच पर जाएं तो उन्हें सम्मान देना सीखिए बल्कि उन्हें दुःखी करके ना भेजा जाए।’