भोजपुरी पावर स्टार पवन सिंह को वीआईपी सुरक्षा प्रदान की गई है। पवन सिह को केंद्रीय गृह मंत्रालय की सिफारिश पर उच्च स्तरीय सुरक्षा प्रदान की गई है। अब पवन सिंह Y कैटेगरी सिक्योरिटी के साथ चलेंगे। मंत्रालय ने बिहार विधानसभा चुनावों से पहले सिंह को संभावित खतरों पर एक खुफिया रिपोर्ट का संज्ञान लिया था। जिसके बाद फैसला लिया गया कि बिहार में पवन सिंह के आवागमन के दौरान लगभग चार सशस्त्र कमांडो उनकी सुरक्षा में रहेंगे।
राज्य में 6 नवंबर और 11 नवंबर को दो चरणों में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा। कुछ दिन पहले, सिंह ने गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और भाजपा के सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा से मुलाकात की थी। पवन सिंह को भाजपा ने पहली बार 2024 के आम चुनाव में पश्चिम बंगाल के आसनसोल निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारा था। पार्टी ने उनसे ये आरोप लगने के बाद टिकट वापस करने को कहा था कि उनके संगीत वीडियो और गीतों में बंगाली महिलाओं को अश्लील तरीके से दिखाया गया है। अब कहा जा रहा है कि राजनीतिक पहलू से भी उनकी कड़ी सुरक्षा का इंतजाम किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, पवन सिंह की सुरक्षा में अब कम से कम 11 सशस्त्र कमांडो तैनात रहेंगे।
यह भी पढ़ें: ‘ओढ़निया वाली’ गाने से शुरू किया था अपना करियर, आज करोड़ों में खेलते हैं पावर स्टार पवन सिंह, जानें नेटवर्थ
क्या होती है Y कैटेगरी सुरक्षा?
वाई कैटेगरी सुरक्षा एक प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था है जो भारत सरकार द्वारा प्रदान की जाती है, जिसमें 11 सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाते हैं। इनमें 2 से 4 कमांडो और 2 निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) शामिल होते हैं। ये सुरक्षा उन व्यक्तियों को दी जाती है जिनकी जान को गंभीर खतरा होता है, जैसे कि प्रसिद्ध राजनेता, सामाजिक कार्यकर्ता, और सेलिब्रिटी। वाई कैटेगरी सुरक्षा में CRPF और CISF के प्रशिक्षित जवान शामिल रहते हैं, जो 24 घंटे सुरक्षा प्रदान करते हैं।
आपको बता दें कि भारत में सुरक्षा तीन कैटेगरी में बंटी है, जिसमें X, Y, Z और Z+ शामिल है। X कैटेगरी सुरक्षा में 1 या 2 सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाते हैं। ये सुरक्षा उन व्यक्तियों को दी जाती है जिन्हें सामान्य खतरा होता है। Y कैटेगरी सुरक्षा में 2 से 11 सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाते हैं। ये सुरक्षा उन व्यक्तियों को दी जाती है जिन्हें मध्यम स्तर का खतरा होता है। Z कैटेगरी सुरक्षा में 22 से अधिक सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाते हैं। ये सुरक्षा उन व्यक्तियों को दी जाती है जिन्हें बहुत उच्च स्तर का खतरा होता है, जैसे कि देश के शीर्ष राजनेता और महत्वपूर्ण व्यक्ति।
इसके अलावा, Z+ कैटेगरी सुरक्षा भी होती है, जिसमें अत्याधुनिक हथियारों से लैस NSG कमांडो की टीम 24 घंटे सुरक्षा प्रदान करती है। ये सुरक्षा देश के सबसे महत्वपूर्ण व्यक्तियों को दी जाती है, जैसे कि प्रधानमंत्री और कुछ बड़े राजनेता।