Pawan Singh: भोजपुरी सिनेमा (Bhojpuri Cinema) के पॉवर स्टार पवन सिंह (Pawan Singh) का एक और गाना यूट्यूब पर वायरल हो गया है। पवन सिह का गाना ‘चोलिया में अटकल प्राण’ को फैंस का काफी प्यार मिल रहा है। इस गाने को यूट्यूब पर ही अब तक 6 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। पवन सिंह के अलावा इस गाने में काजल राघवानी नजर आ रही हैं। पवन और काजल की ऑनस्क्रीन केमिस्ट्री देखना दर्शक बेहद पसंद कर रहे हैं।
‘चोलिया में अटकल प्राण’ गाने को पवन सिंह ने अपनी आवाज दी है वहीं अविनाश झा ने इसे लिखा है। गाने के बोल काफी शानदार हैं जो आपको पूरा गाना सुनने पर मजबूर कर देंगे। भोजपुरिया दर्शकों के अलावा ये गाना हिंदी दर्शकों को भी काफी पसंद आ रहा है यही वजह है कि अब तक इस गाने को यूट्यूब पर ही 95 हजार से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं। बता दें कि हाल ही में पवन सिंह के एक और गाने की यूट्यूब पर काफी धूम थी। पवन सिंह का भोजपुरी गाना- 2 सौ के ककही रिलीज हुआ था जिसे पवन सिंह के फैंस ने काफी पसंद किया था।
पवन सिंह के इस गाने पर काफी विवाद भी हुआ था और उनपर इस गाने के चोरी का आरोप भी लगा था। कई गायकों ने इस गाने पर अपनी दावेदारी पेश की थी। फिलहाल पवन सिंह लॉकडाउन में अपने आरा के घर में समय काट रहे हैं। पवन सिंह ने आरा में ही अपना एक स्टूडियो भी खोला है। लॉकडाउन के बीच ही पवन सिंह एक के बाद एक कई गाने रिलीज कर रहे हैं।
इसके अलावा पवन सिंह का एक और गाना ‘तोप ल जवनिया ओढ़निया से’ जो कुछ ही दिनों पहले रिलीज हुआ था उसे भी लोगों का खूब प्यार मिल रहा है। इस गाने को लोग इतना पसंद कर रहे हैं कि महज रिलीज के 1 दिन के भीतर ही इसे 15 लाख से अधिक बार सुना गया और काफी प्यार मिला।