भोजपुरी में एक से बढ़कर एक अदाकाराएं हैं। फैंस अपनी फेवरेट एक्ट्रेस को अलग-अलग नामों से बुलाते हैं। ऐसे में आज आपको उस अभिनेत्री के बारे में बता रहे हैं, जो इंडस्ट्री में करियर की शुरुआत में ही पर्दे पर छा गई थीं। उन्हें हॉट केक और ड्रीम गर्ल जैसे अलग-अलग नामों से जाना जाता है। उन्होंने करियर की शुरुआत में ही बड़ा रिकॉर्ड बना दिया था। ऐसे में वो एक्ट्रेस कोई और नहीं बल्कि अंजना सिंह हैं। आज वो भले ही भोजपुरी फिल्मों में कम दिखाई देती हैं मगर टीवी के छोटे पर्दे पर जरूर एक्टिव रहती हैं। भोजपुरी में उनके नाम दो साल में 25 फिल्में साइन करने का बड़ा रिकॉर्ड दर्ज है। ऐसे में आज उनसे जुड़े उस किस्से के बारे में बता रहे हैं, जब उन्हें लेकर अफवाह फैला दी गई थी कि उन्हें एड्स है। चलिए बताते हैं।

भोजपुरी एक्ट्रेस अंजना सिंह ने एक यूट्यूब चैनल को दिए इंटरव्यू में उस वाकये के बारे में बताया था और कहा था कि बहुत पहले जब वो फिल्म इंडस्ट्री में आई थीं तो वो फिल्मों में लगातार काम कर रही थीं। ऐसे में उनकी सफलता और पॉपुलैरिटी से कुछ एक्ट्रेसेस को जलन होने लगी, जिसकी वजह से उन्हें लेकर अफवाह फैला दी गई थी कि एक्ट्रेस को एड्स है और लोगों को अंजना से दूर रहने की सलाह भी दी गई थी। इतना ही नहीं, अंजना ने ये भी बताया था कि उन्हें भी इंडस्ट्री में कलर कॉम्प्लैक्स की वजह से काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। इन सबके बावजूद एक्ट्रेस ने कभी हिम्मत नहीं हारी और फिल्मों से टीवी तक में अच्छा मुकाम हासिल किया है।

12 साल पहले फिल्मों में की थी एंट्री

आपको बता दें कि अंजना सिंह ने भोजपुरी में अपने करियर की शुरुआत साल 2012 में की थी। उन्हें इंडस्ट्री में काम करते हुए करीब 12 साल हो गए हैं। बतौर लीड उनकी पहली भोजपुरी फिल्म ‘फौलाद’ थी। इसके बाद उन्होंने दो सालों में 25 फिल्में साइन करने का रिकॉर्ड बना दिया था। अंजना सिंह को साल 2017 में लंदन में आयोजित किए भोजपुरी फिल्म समारोह में बेस्ट एक्ट्रेस का व्यूअर चॉइस अवार्ड भी दिया गया था। वहीं, अगर एक्टिंग में अंजना सिंह के करियर की बात करें तो उन्होंने इसकी शुरुआत छोटे पर्दे से की थी। उनका पहला टीवी सीरियल ‘भाग ना बचे कोई’ था।

अंजना सिंह की निजी लाइफ

टीवी और फिल्मों के साथ ही अंजना सिंह अपनी निजी लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रही हैं। उन्होंने भोजपुरी के जाने-माने एक्टर यश कुमार मिश्रा से शादी की थी। हालांकि, इनका रिश्ता ज्यादा समय तक टिक नहीं पाया और शादी के 5 साल में ही दोनों अलग हो गए। इस शादी से उनकी एक बेटी अदिति हैं, जिसके साथ वो अपना सारा टाइम स्पेंड करती हैं। वो बतौर सिंगल मदर बेटी की परवरिश करती हैं। आपको बता दें कि एक्ट्रेस की बेटी अदिति भी टीवी सीरियल्स में काम कर चुकी हैं।