भोजपुरी सिनेमा जगत में आज एक से बढ़कर एक एक्ट्रेसेस हैं, जो अच्छे मुकाम पर हैं। ऐसे में इंडस्ट्री की शुरुआत से लेकर अब तक कई हसीनाएं रही हैं, जिन्होंने पर्दे पर खूब राज किया है। उनकी खूबसूरती से लेकर एक्टिंग तक के खूब चर्चे रहे हैं। उन्हें भोजपुरी में खूब दौलत और शोहरत मिली। इसमें मोनालिसा से भोजपुरी की आइटम क्वीन तक का नाम शामिल है। ऐसे में चलिए बताते हैं उन हसीनाओं के बारे में, जिनका कभी भोजपुरी फिल्मों में सिक्का चलता था वो आज आज कहा हैं। इसमें किसी ने धर्म के लिए करियर को लात मार दी तो किसी ने राजनीति तो फिर किसी ने टीवी इंडस्ट्री में अपना सिक्का जमा लिया।

रश्मि देसाई

टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस रश्मि देसाई भोजपुरी की जानी-मानी एक्ट्रेस रही हैं। उनका असली नाम शिवानी देसाई है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत असम फिल्मों से की थी। इसके बाद भोजपुरी में दम खम दिखाया। यहां उन्हें काफी पसंद किया गया। इसके बाद रश्मि ने टीवी का रुख किया और यहां वो ‘उतरन’ और ‘दिल से दिल तक’ जैसे सीरियल्स से फेमस हुईं। यहां वो ‘बिग बॉस’ और ‘नच बलिए’, ‘झलक दिखला जा’ जैसे शोज कर चुकी हैं।

श्वेता तिवारी

भोजपुरी के शुरुआती दौर में टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस श्वेता तिवारी का इंडस्ट्री में सिक्का चलता था। वो यहां पर मनोज तिवारी जैसे स्टार्स के साथ काम कर चुकी हैं। उन्होंने ‘कब अइबू अंगनवा हमार’, ‘हमार सैया हिंदुस्तानी’ और ‘ए भौजी के सिस्टर’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया है। लेकिन, कुछ समय के बाद ही एक्ट्रेस ने भोजपुरी फिल्मों से दूरियां बना ली और टीवी सीरियल का रुख किया। यहां नाम कमाने के बाद श्वेता तिवारी बॉलीवुड और ओटीटी में डेब्यू किया और यहां भी खूब नाम कमाया।

सहर अफशा

भोजपुरी में कुछ ही फिल्मों से धाक जमाने वाली एक्ट्रेस सहर अफशा ने धर्म के लिए करियर को लात मार दी। उन्होंने करियर के पीक पर इस्लाम की राह पकड़ ली और शोबिज छोड़ दिया। वो अब शादीशुदा हैं और ससुराल में रहती हैं। आपको बता दें कि एक्ट्रेस भोजपुरी में खेसारी लाल यादव के साथ फिल्म ‘मेहंदी लगा के रखना 3’ से डेब्यू किया था। यहां वो पवन सिंह के साथ एक्शन ड्रामा फिल्म ‘घातक’ में भी नजर आ चुकी हैं। दो साल के एक्टिंग करियर में वो पीक पर थीं लेकिन, इस्लाम के लिए शोबिज को छोड़ दिया।

भोजपुरी आइटम क्वीन सीमा सिंह

भोजपुरी की पॉपुलर एक्ट्रेस रहीं सीमा सिंह को इंडस्ट्री में आइटम क्वीन के नाम से भी जाना जाता है। वो अपने जमाने की बेस्ट डांसर और आइटम सॉन्ग करने वाली पॉपुलर एक्ट्रेस रही हैं। उनके लटके-झटकों पर तो हर कोई कायल हो जाता था। उनकी फैन फॉलोइंग आज भी जबरदस्त है। लेकिन, सीमा ने शादी के बाद स्क्रीन से दूरियां बना ली और परिवार के साथ सारा वक्त बिताती हैं। वो फिल्मों को प्रोड्यूस भी करती हैं। साथ ही राजनीति में भी एक्टिव हैं। सीमा सिंह युवा लोक जनशक्ति पार्टी की सदस्य हैं।

संभावना सेठ

भोजपुरी में आइटम नंबर्स के लिए एक और नाम काफी पॉपुलर रहा है। वो हैं संभावना सेठ। डांस नंबर्स के मामले में संभावना का भी कोई जवाब नहीं रहा है। उनकी अदाओं के लोग कायल रहे हैं। लेकिन अब वो स्क्रीन से लंबे समय से दूर हैं। वो शादीशुदा जिंदगी को इन्जॉय कर रही हैं। साथ ही यूट्यूब पर व्लॉगिंग करती हैं और उनके चैनल पर करीब 4 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं।

पाखी हेगड़े

भोजपुरी में जब भी हिट जोड़ी की बात होती रही है तो इसमें एक नाम दिनेश लाल यादव निरहुआ और पाखी हेगड़े का टॉप पर आता है। दोनों आज भले ही साथ में नजर नहीं आते हैं लेकिन एक जमाना था जब दोनों की केमिस्ट्री इस कदर हिट थी कि लोग उन्हें पति-पत्नी समझने लगे थे। दोनों ने साथ में कई हिट्स फिल्में दी है। आज पाखी स्क्रीन से दूर हैं और फिल्में प्रोड्यूस करती हैं। उन्हें टीवी सीरियल ‘मिस इंडिया’ के लिए भी जाना जाता है।

मोनालिसा

मोनालिसा भोजपुरी की टॉप एक्ट्रेसेस रही हैं। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में अभिनय किया है। भोजपुरी में पवन सिंह के साथ उनकी जोड़ी हिट रही है। लेकिन, लंबे समय से एक्ट्रेस भोजपुरी से दूर हैं और टीवी इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। यहां वो ‘नजर’ जैसे शोज का हिस्सा बन चुकी हैं। इतना ही नहीं, एक्ट्रेस ओटीटी पर भी अपनी एक्टिंग का लोहा मनवा चुकी हैं। वो ‘रात्रि के यात्रि 2’ जैसी वेब सीरीज का हिस्सा रही हैं।