1950 के दशक में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट फिल्मों में करियर की शुरुआत करने वाली एक्ट्रेस तनुजा मुखर्जी आज भले ही पर्दे पर एक्टिव नहीं हैं मगर वो गुजरे जमाने की बेहतरीन अदाकारा रही हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया है। एक्ट्रेस फिल्मों और अभिनय के अलावा अपनी बेबाकी के लिए भी जानी जाती रही हैं। वो डंके की चोट पर अपने विचार रखती रही हैं। तनुजा ने 16 साल की उम्र में पढ़ाई छोड़कर फिल्मों की दुनिया में कदम रखा था। उनकी हिंदी और मराठी फिल्मों के बारे में तो हर कोई जानता है लेकिन, क्या आपको पता है कि वो भोजपुरी फिल्मों में भी अभिनय कर चुकी हैं? चलिए आज हम आपको बताते हैं इसके बारे में…
दरअसल, तनुजा मुखर्जी का आज 81वां जन्मदिन है। उनका जन्म मराठी फैमिली में 23 सितंबर, 1943 को हुआ था। उनका बैकग्राउंड फिल्मी रहा था। उनके पिता कुमारसेन समर्थ फिल्ममेकर थे और मां शोभना समर्थ हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा थीं। उनकी चार बहनें और एक भाई हैं। इतना ही नहीं, तनुजा की बहन नूतन भी बहुत फेमस एक्ट्रेस थीं। वो पहली बार बहन नूतन की फिल्म में काम करते हुए नजर आई थीं। बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट उनकी पहली फिल्म ‘हमारी बेटी’ थी। इसके बाद उन्होंने परिवार की आर्थिक तंगी के बीच साल 1960 में बतौर हीरोइन फिल्मों में डेब्यू किया। उनकी डेब्यू फिल्म का नाम ‘छबीली’ था। हालांकि, उन्हें पहचान फिल्म ‘हमारी याद आएगी’ से मिली थी। इसके बाद उन्होंने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा। एक्ट्रेस ने अपने करियर में धर्मेंद्र, जितेंद्र से लेकर राजेश खन्ना जैसे बड़े सुपरस्टार्स के साथ काम किया है। लेकिन, उनके बारे में बहुत कम लोग ही जानते होंगे कि वो भोजपुरी में भी काम कर चुकी हैं।
इस भोजपुरी फिल्म का हिस्सा रह चुकीं तनुजा
तनुजा ने खुद इस बात का खुलासा किया था कि वो भोजपुरी फिल्म कर चुकी हैं। दरअसल, एक्ट्रेस कुछ समय पहले विविध भारती के शो में पहुंची थीं। इस दौरान एक्ट्रेस ने अपने करियर को लेकर काफी कुछ शेयर किया था। इसी बातचीत में उन्होंने बताया था कि वो हिंदी के साथ ही भोजपुरी फिल्म और मलयालम फिल्म में भी काम कर चुकी हैं। तनुजा ने इस इंटरव्यू में बताया था, ‘मैंने गुजराती फिल्म की ‘एक था मालापति मुंज’ भूपेंद्र त्रिवेदी के साथ, एक थी ‘नारी टू नारायणी’ और एक थी ‘करियावर’ इसमें राजीव थे। इसके अलावा मैंने एक भोजपुरी फिल्म भी की। वो थी ‘हमार भौजी’।’ इसके साथ ही एक्ट्रेस ने बताया कि उन्होंने एक मलायलम फिल्म में भी काम किया। हालांकि, उसका उन्हें नाम नहीं याद था।
तनुजा के साथ भोजपुरी फिल्म में थीं पद्मा खन्ना भी
बहरहाल, अगर तनुजा की भोजपुरी फिल्म ‘हमार भौजी’ की बात की जाए तो इसे 1983 में रिलीज किया गया था। ये दौर भोजपुरी फिल्मों का शुरुआती दौर रहा था। ‘हमार भौजी’ में तनुजा के साथ एक्टर सचिन और बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री पद्मा खन्ना भी अहम रोल में थीं। पद्मा खन्ना भोजपुरी सिनेमा की पहली अभिनेत्री हैं, जिन्होंने भोजपुरी की पहली फिल्म ‘गंगा मइया तोहे पियरी चढ़इबो’ में काम किया था। इसको बनाने वाले नजीर हुसैन थे। भोजपुरी फिल्म का कहानी की बात की जाए तो ये एक फैमिली ड्रामा मूवी थी। ना केवल इसकी स्टोरी बल्कि इसके गाने भी खूब पॉपुलर हुए थे।
भोजपुरी फिल्म ‘हमार भौजी’ के फेमस गाने ‘ऐसे चले पुरवा’, ‘कइली भरोसा तोहार’ और ‘काम नहीं काज’ रहे, जिसे आशा भोंसले ने अपनी बेहतरीन गायिकी से सजाया था। वहीं, ‘हो मोरी भौजी’ और ‘बड़ा दगाबाज’ जैसे गानों को अल्का याग्निक और उदित नारायण ने अपनी बेहतरीन गायिकी से सजाया था।