भोजपुरी सिनेमा के देसी स्टार कहे जाने वाले एक्टर समर सिंह (Samar Singh) अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर एक बार फिर से चर्चा में आ गए हैं। सोशल मीडिया पर एक्टर की एक फोटो सामने आई है, जिसमें उन्हें मिस्ट्री गर्ल के साथ देखा जा सकता है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया है। समर ने इसे ऑफिशियल तो नहीं किया है लेकिन माना जा रहा है कि उन्होंने सगाई कर ली है। तस्वीर में लड़की के हाथों में मेहंदी लगी हुई है और एक्टर भी दूल्हे की तरह सजे हुए हैं। उनकी उंगली में अंगूठी देखी जा सकती है।

दरअसल, समर सिंह की फोटो को किसी और ने नहीं बल्कि भोजपुरी एक्ट्रेस चांदनी सिंह ने शेयर की है। उन्होंने इसे शेयर करने के साथ ही फूलों के गुलदस्ते का स्टीकर शेयर कर बधाई दी है। चांदनी सिंह के तस्वीर शेयर करने के बाद लोग उन्हें ढेरों बधाइयां देने लगे हैं। जेल से रिहा होने के बाद समर सिंह ने सगाई कर ली है। वो अपनी जिंदगी की नई शुरुआत करने जा रहे हैं। होने वाली दुल्हनिया के साथ उनकी जोड़ी को काफी पसंद किया जा रहा है। फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

आकांक्षा दुबे से रही अफेयर और लिव इन की चर्चा

गौपतलब है कि समर सिंह शादी और सगाई से पहले दिवंगत एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे के साथ रिलेशनशिप को लेकर चर्चा में खूब रहे हैं। दोनों ने साथ में ढेरों म्यूजिक वीडियो में काम किया है। एक्ट्रेस ने कई बार समर सिंह के साथ फोटो शेयर कर खूब प्यार भी लुटाया है। वैलेंटाइन्स डे 2023 के मौके पर आकांक्षा ने समर सिंह के साथ एक फोटो शेयर कर प्यार का इजहार भी किया था और उन्हें हसबैंड बताया था। लेकिन, पोस्ट शेयर करने के कुछ ही देर बाद उन्होंने इसे डिलीट कर दिया था। दोनों के अफेयर के साथ ही लिव इन में रहने की चर्चा भी खूब रही है। वहीं, बाद में 30 मार्च को आकांक्षा के अचानक निधन की खबर ने सभी को हैरान कर दिया था।

आकांक्षा की मां ने लगाए थे गंभीर आरोप

आकांक्षा दुबे के निधन के बाद उनकी मां ने समर सिंह पर ढेरों आरोप लगाए थे, जिसके बाद उन्हें जेल भी जाना पड़ा था लेकिन बाद में वो बेल पर बाहर आ गए। आकांक्षा के सुसाइड केस में खुलासा हुआ था कि मौत से पहले उनके साथ संबंध बनाया गया था। साथ ही एक्ट्रेस की मां ने आरोप लगाया था कि समर सिंह उनकी बेटी का 3 साल से शोषण कर रहे थे। उन्हें झूठा दिलासा देकर संबंध बनाते रहे। प्राइवेट वीडियो लीक करने की धमकी दे देते थे। दूसरे एक्टर्स के साथ काम नहीं करने देते थे। वहीं, पुलिस से पूछताछ में समर सिंह ने कहा था कि उनकी सिर्फ काम के सिलसिले में एक्ट्रेस से बातचीत थी और इसके अलावा दूसरा रिलेशन नहीं था। जबकि कहा जाता है कि सुसाइड से पहले उन्होंने समर सिंह को दो बार फोन किया था। हालांकि, अभी तक इस मामले को लेकर अपराध साबित नहीं हो पाया है। लेकिन, आकांक्षा की मां लगातार न्याय की गुहार लगाती रही हैं।