सिनेमा जगत में आना और पहली ही फिल्म से हिट हो जाना ये हर किसी की किस्मत में नहीं होता है। इंडस्ट्री में ऐसे कई सितारे रहे हैं, जिन्हें ये सौभाग्य मिला। उन्होंने अपनी एक्टिंग के दम पर पहली ही फिल्म से इंडस्ट्री में अपना सिक्का जमा लिया। साथ ही दर्शकों के दिलों में भी खास जगह बनाई। इसी में से एक आज हम आपको भोजपुरी एक्ट्रेस के बारे में बता रहे हैं, जो अपनी डेब्यू फिल्म से 16 की उम्र में छा गईं। वो इन दिनों अपनी एक और फिल्म ‘बड़की बहू छोटकी बहू’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म ने सिनेमाघरों के बाद यूट्यूब पर भी गर्दा उड़ा दिया है।

दरअसल, उस भोजपुरी एक्ट्रेस के बारे में इसलिए बता रहे हैं क्योंकि भोजपुरी फिल्म ‘बड़की बहू छोटकी बहू’ की हिट के बीच उनके बचपन की फोटो सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें उन्हें पहचान पाना भी काफी मुश्किल हो रहा है। अभिनेत्री की तस्वीर 27 साल पुरानी है। उन्होंने खुद इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया है, जिसे साझा करने के साथ ही एक्ट्रेस ने एक किस्सा भी बताया है। वो किस्सा तो बताएंगे ही लेकिन उससे पहले आपको उनके नाम से मुखातिब करा देते हैं। वो कोई और नहीं बल्कि भोजपुरी की जानी-मानी अभिनेत्री रानी चटर्जी हैं। जी हां, आपने सही पढ़ा फोटो में दिख रही बच्ची रानी हैं। उनका इंडस्ट्री में सिक्का चलता है। उन्हें भोजपुरी की लेडी सिंघम भी कहा जाता है।

रानी चटर्जी ने तस्वीर को शेयर करने के साथ ही लिखा, ‘सीधा सरल था जीवन, जहां मेरे बचपन। 1997 या 1998 में जब मैंने पहली बार पेंट और टॉप पहनी थी।’ इस पर फैंस समेत ‘छोटकी बहू’ यानी कि काजल राघवानी ने भी रिएक्शन दिया है। उन्होंने स्माइली शेयर की है। वहीं, फैंस उनकी फोटो को देख पहली फिल्म को याद कर रहे हैं और कह रहे हैं कि वो पहले जैसे ही हो जाएं।

डेब्यू फिल्म से जमाया था सिक्का

आपको बता दें कि रानी चटर्जी ने एक्टिंग में अपने करियर की शुरुआत फिल्म ‘ससुरा बड़ा पइसावाला’ से की थी। इसमें वो मनोज तिवारी के साथ लीड रोल में थीं। इसी फिल्म ने उनकी किस्मत ही बदल दी थी। उस समय रानी महज 16 साल की थीं और 10वीं पढ़ती थीं। रानी का असली नाम सबीहा शेख है और इसके सेट पर मंदिर का सीन शूट करना था, जिसकी वजह से मेकर्स की ओर से उन्हें रानी चटर्जी नाम दिया गया था। फिल्म हिट रही थी और लाखों के बजट में बनी फिल्म ने करोड़ों का कलेक्शन किया था। इसके बाद रानी ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और दशकों से इंडस्ट्री में राज कर रही हैं। उन्होंने अपने करियर में दिनेश लाल यादव निरहुआ, पवन सिंह, खेसारी लाल यादव और रवि किशन जैसे बड़े स्टार्स के साथ काम किया है।

खुद के बूते पर हिट करा देती हैं फिल्म

गौरतलब है कि रानी चटर्जी भोजपुरी सिनेमा की ऐसी अभिनेत्री हैं, जो महिला प्रधान फिल्मों के लिए जानी जाती हैं। वो खुद के बूते पर मूवीज को हिट भी करा देती हैं। जहां, अक्सर इंडस्ट्री को लेकर कहा जाता है कि अगर फिल्म में हीरो नहीं तो वो हिट नहीं हो सकती है। वहीं, रानी इस धारणा को तोड़ती हैं। रानी चटर्जी को भोजपुरी जगत में ‘लेडी सिंघम’ के नाम से भी जाना जाता है। वो फिल्मों में रोमांस से लेकर फाइटिंग तक करती हैं।

इतना ही नहीं, रानी चटर्जी एक्टिंग के अलावा फिटनेस को भी लेकर काफी चर्चा में रहती हैं। वो जिम से अक्सर फोटोज और वीडियोज शेयर करती रहती हैं। वो इंडस्ट्री की फिटनेस फ्रीक अभिनेत्रियों में से एक हैं। वो अक्सर अपनी फीमेल फैंस को वर्कआउट के लिए मोटिवेट भी करती हैं। बहरहाल, अगर एक्ट्रेस के वर्कफ्रंट की बात की जाए तो वो इन दिनों फिल्म ‘बड़की बहू छोटकी बहू’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म सिनेमाघरों के बाद यूट्यूब पर रिलीज कर दी गई है और इसे 2 करोड़ से ज्यादा व्यूज महज 4 हफ्ते में ही मिल गए हैं।