भोजपुरी एक्टर यश कुमार (Yash Kumar) और निधी झा (Nidhi jha) ने पिछले साल यानी मई, 2022 में शादी के बंधन में बंधे थे। इनकी जोड़ी फैंस की पसंदीदा जोड़ी है मगर वो अक्सर ट्रोल्स के निशाने पर आ जाते हैं। नेटिजन्स यश पर अंजना सिंह को धोखा देने का आरोप लगाते रहे हैं। ऐसे में एक बार फिर से इनकी जोड़ी ट्रोल्स के निशाने पर आ गई थी। लाइव वीडियो के दौरान निधी झा ने उन पर गुस्सा निकाला और कहा कि जब उन्होंने एक्टर को डेट करना शुरू किया तो वो सिंगल थे और वो सालों से सिंगल थे। तब वो उनके करीब आई थीं।
रिलेशनशिप पर क्या बोली थीं निधी झा?
निधी झा हाल ही में इंस्टाग्राम पर लाइव आई थीं। इस दौरान वो अपनी फिल्मों को लेकर बात कर रही थीं। लेकिन इसी दौरान हमेशा की तरह ही उनके और यश कुमार के रिलेशनशिप पर सवाल उठाया तो लोगों ने अपनी भड़ास निकाली है। भोजपुरी एक्ट्रेस निधी ट्रोल्स को जवाब देते हुए कहती हैं कि ‘सोशल मीडिया पर सारी बात नहीं की जा सकती है। मैंने ना ही किसी को किसी चीज के लिए फोर्स किया है और ना ही मैंने किसी की खुशियों को छीना है और ना ही मैं किसी की लाइफ में घुंसी हूं सुन लो। मुझसे ज्यादा दिक्कत है तो मुझे अनफॉलो कीजिए और चले जाइए। मैं अपने बारे में सुन सकती हूं मगर मेरे पति के बारे में नहीं।’
एक्ट्रेस गुस्सा निकालते हुए कहती हैं कि ‘हमें पता है कि मैंने और मेरे पति ने क्या फैसला लिया है। हम दूध पीते बच्चे नहीं हैं। मैं जब यश कुमार जी के साथ डेट कर रही थी तो वो सिंगल थे…सिंगल थे… अकेले थे। सिंगल थे तब हम करीब हुए। यश जी नए-नए सिंगल नहीं थे। वो बहुत सालों से सिंगल थे। उसके बाद हम करीब हुए हैं और फिर हमारी शादी हुई है।’ इसके साथ ही यश कुमार भी इस पर रिएक्शन देते हैं और कहते हैं कि ‘आप लोगों को सच नहीं पता है कि आखिर सच क्या है?’
2018 में हुआ था यश कुमार का अंजना सिंह से तलाक
आपको बता दें कि निधी झा से शादी से पहले यश कुमार ने भोजपुरी एक्ट्रेस अंजना सिंह के साथ 2014 में फेरे लिए थे। उनसे उनकी एक बेटी अदिति सिंह भी हैं। हालांकि, बाद में दोनों के रिश्ते में खटपट शुरू हो गई थी और इनका रिश्ता तलाक पर जाकर खत्म हो गया था। इनका ऑफिशियल तलाक 2018 में हुआ था। लेकिन, अलग होने के बाद भी यश कुमार अक्सर अपनी बेटी से मिलने के लिए आते रहते हैं।
