लाफ्टर क्वीन, कॉमेडियन भारती सिंह 3 जुलाई को अपना 41वां जन्मदिन मना रही हैं। पंजाब के छोटे से शहर से आई एक आम लड़की ने फर्श से अर्श तक का सफर तय किया है और आज अपनी मेहनत से वो करोड़ों की मालकिन बन चुकी हैं। उन्होंने अपने बचपन में बहुत संघर्ष देखा, अपनी मां को बच्चों का पेट पालने के लिए मेहनत करते देखा, इसलिए आज वो अपनी मां के लिए सब कर रही हैं, जिसकी वो हकदार हैं। हम आज इस खबर में भारती के जीवन के संघर्ष से लेकर उनकी संपत्ति तक के बारे में बताने जा रहे हैं।

मनीष पॉल के पॉडकास्ट में भारती ने अपने बचपन के बुरे दिनों के बारे में बात की थी और वो बताते हुए रोने लगी थीं। उन्होंने बताया था कि उनका बचपन बहुत गरीबी में गुजरा है, उन्होंने रूखी-सूखी रोटी खाकर वक्त काटा है। उनके परिवार ने बहुत मुश्किलों का सामना किया। भारती ने अपनी मां के संघर्षों के बारे में बताते हुए कहा था कि वो अपने बच्चों को पालने के लिए लोगों के घर पर काम किया करती थीं।

भारती ने बताया था कि वो लोग काली चाय के साथ रोटी पर नमक लगाकर खा लिया करते थे। उनकी मां लोगों के कपड़े सिला करती थीं। आज भी मशीन की आवाज उन्हें सुनाई दे तो वो दुखी हो जाती हैं। भारती ने कहा था कि वो नहीं चाहतीं कि उनका परिवार कभी वैसा वक्त दोबारा देखे। इसी पॉडकास्ट में भारती ने बताया था कि वो राइफल शूटिंग में माहिर थीं और उन्होंने टीम पंजाब की ओर से नेशनल लेवल की शूटिंग प्रतियोगिता में भी हिस्सा लिया था।

भारती सिंह ने बताया था कि जब वो पंजाब के लिए खेलती थीं, तो उन्हें फ्री खाना मिलता था और वो हर रोज 15 रुपये कमाती थीं। उन्हें 5 रुपये का कूपन मिलता था, जिससे वो एक गिलास जूस लेती थीं। भारती बाकी कूपन को इकट्ठा करके अपने घर के लिए सामान ले जाती थीं।

भारती ने अपनी मां के लिए मुंबई में ही घर खरीदा है। उनकी मां उसी सोसायटी में रहती हैं, जहां भारती का घर है। उनकी मां के साथ उनकी बहन और उनकी बेटी रहती हैं। इसी सोसायटी में भारती के सास ससुर भी रहते हैं।

भारती ने साल 2017 में स्क्रीन राइटर हर्ष लिंबाचिया से शादी की थी और अब उनका एक बेटा है। भारती इसे भी एक सपने की तरह बताती हैं, किसी को नहीं पता था कि दोनों एक दूसरे को डेट कर रहे हैं, 8 साल तक डेट करने के बाद उन्होंने शादी की थी। हर्ष को भी भारती की सादगी और काम के प्रति उनकी ईमानदारी पसंद आई थी।

भारती की नेटवर्थ

FE की रिपोर्ट के अनुसार भारती सिंह की कुल संपत्ति लगभग 25 करोड़ रुपये है। ये सब संपत्ति उन्होंने कई कॉमेडी शो, रियलिटी टीवी शोज से कमाई है। इस वक्त भारती ‘लाफ्टर शेफ्स 2’ में नजर आ रही हैं, रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने इस शो से 3.6 करोड़ से 4.3 करोड़ रुपये कमाए हैं।