जानी-मानी कॉमेडियन भारती सिंह आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। कॉमेडी की क्वीन कही जाने वाली भारती सिंह आज अपना जन्मदिन मना रही हैं। भारती सिंह का जन्म 3 जुलाई 1987 के दिन पंजाब में रहने वाले एक मध्यमवर्गीय परिवार में हुआ था।

भारती आज जिस मुकाम पर हैं वहां तक पहुंचना उनके लिए आसान नहीं था। भारती सिंह का बचपन कठनाई में बीता है। आलम तो यह भी रहा कि उन्हें तो अपनी सांसों के लिए भी संघर्ष करना पड़ा था। घर में खाने के लाले थे। कई बार सिर्फ नमक-रोटी मिलती थी तो कई बार तो भूखे पेट भी उन्हें सोना पड़ जाता था। आज भारती सिंह के जन्मदिन के मौके पर हम आपको उनके संघर्ष की कहानी बताने जा रहे हैं।

भारती को सासों के लिए भी करना पड़ा था संघर्ष

कॉमेडियन भारती सिंह की मां पंजाबी और पिता नेपाली थे। भारती जब वह जब महज दो साल की थीं तब उनके पिता इस दुनिया को अलविदा कह गए। इसके बाद परिवार में भारती की मां कमला सिंह, बहन पिंकी और एक भाई धीरज सिंह रह गए। एक इंटरव्यू में भारती ने बताया था कि उन्हें जन्म देने के लिए उनके माता-पिता ने कोई प्लान नहीं किया था। जब वह गर्भ में थीं, तब उनकी मां अबॉर्शन कराने की योजना बना रही थीं। लेकिन भारती की मां ने इरादा बदल लिया था। अब उनका परिवार कहता है कि अगर भारती न होतीं तो उनका परिवार इस मुकाम तक शायद ही कभी पहुंच पाता।

पिता के निधन के बाद मां को मिला शादी का ऑफर

पिंकविला को दिए अपने एक इंटरव्यू में भारती सिंह ने कहा था कि ‘मेरी मां की शादी कम उम्र में हो गई थी और तब वो केवल 15 साल की थीं। जब वो 22 साल की हुईं, तब उनके तीन बच्चे हो गए। मेरे पिता का बहुत पहले निधन हो गया और मेरी मां हमारे साथ अकेली रह गईं। बहुत से लोगों ने मेरी मां को दोबारा शादी करने की सलाह दी और उन्हें शादी के लिए ऑफर भी आए जिनको पहले से ही दो बच्चे थे। लेकिन मां ने शादी करने से मना कर दिया और कहा कि मेरा परिवार बिखर जाएगा।’

बचपन में नहीं होते थे खाने के लिए पैसे

पिता के निधन के बाद भारती को जीवन में काफी संघर्ष करना पड़ा। उन्हें कई बार भरपेट खाना भी नसीब नहीं होता था। भारती को पढ़ाई के लिए भी काफी मेहनत करनी पड़ी। कॉलेज की फीस माफ कराने के लिए उन्होंने स्पोर्ट्स में दाखिला लिया। वह रोजाना सुबह पांच बजे प्रैक्टिस करने के लिए कॉलेज पहुंच जातीं, जिससे उन्हें जूस के लिए मिलने वाला पांच रुपये का कूपन मिल सके। भारती उन सभी कूपन को इकट्ठा करतीं थीं और उनसे फल खरीदकर घर ले जाती थीं।

इस शो से बदली किस्मत

पढ़ाई पूरी होने के बाद भारती सिंह ने अमृतसर में एक थिएटर ज्वाइन कर लिया था। जहां उनकी मुलाकात कपिल शर्मा से हुई। कपिल ने ही भारती सिंह को लाफ्टर चैलेंज का ऑडिशन देने की सलाह दी थी। वह लाफ्टर चैलेंज में सिलेक्ट हो गईं। भारती ने कॉमेडी रिएलिटी शो, ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ सीजन 4 में अपने किरदार ‘लल्ली’ से फेमस हुई। इसके बाद भारती ने कभी मुड़कर नहीं देखा।

इतने करोड़ संपत्ति की मालकिन हैं भारती

भारती सिंह की सपत्ति की बात करें तो कॉमेडियन 25 लाख रुपये हर महीने कमाती हैं। वो एक एपिसोड के 6-7 लाख चार्ज करती हैं। उनकी नेटवर्थ 23 करोड़ रुपये है। रिपोर्ट के अनुसार, वह हर साल 3 करोड़ रुपये कमाती हैं।