Bharat box office collection Day 18: सलमान खान की ‘भारत’ रिलीज के तीसरे वीक में भी कमाई कर रही है। ‘भारत’ ने ईद के मौके पर 5 जून को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी। फिल्म ने पहले वीक में जबरदस्त कमाई करते हुए कई रिकॉर्ड्स बनाएं तो वहीं अब फिल्म के कमाई की रफ्तार धीमी पड़ती जा रही है। ‘भारत’ को बॉक्स ऑफिस पर शाहिद कपूर की फिल्म ‘कबीर सिंह’ से जबरदस्त टक्कर मिल रही है। ऐसे में फिल्म तीसरे वीक के शुक्रवार (21 जून) को 75 लाख रुपए की कमाई करने में सफल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार (22 जून) को फिल्म ने केवल 50 लाख रुपए की कमाई की है। भारत का कुल कलेक्शन 203 करोड़ रुपए के आसपास है।
‘भारत’ ने दूसरे वीक में 24 करोड़ 25 लाख रुपए की कमाई की थी। हालांकि ‘कबीर सिंह’ के कारण फिल्म की कमाई में 50 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। माना जा रहा है कि वीकेंड में फिल्म की कमाई में और गिरावट हो सकती है। सलमान की ‘भारत’ ने पहले वीक में 180 करोड़ रुपए से ज्यादा की कमाई की थी। इसी के साथ फिल्म दूसरे वीक में 200 करोड़ के क्लब में भी एंट्री मारने में सफल रही थी। भारत सलमान की छठवीं फिल्म बन गई है, जिसने 200 करोड़ के क्लब में एंट्री मारी है।
‘भारत’ ने ओपनिंग डे पर ताबड़तोड़ कमाई कर इस साल की ओपनिंग डे पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। भारत ने रिलीज वाले दिन 42 करोड़ 30 लाख रुपए का कलेक्शन किया था। इसके जबकि मल्टीस्टारर फिल्म ‘कलंक’ दूसरे नंबर पर विराजमान है। ‘कलंक’ ने पहले दिन 21 करोड़ 60 लाख रुपए का बिजनेस किया था। तीसरे नंबर पर अक्षय कुमार की ‘केसरी’ 21 करोड़ 6 लाख रुपए और चौथे नंबर पर शाहिद कपूर की ‘कबीर सिंह’ 20 करोड़ 21 लाख रुपए की कमाई के साथ मौजूद है।