टीवी का पॉपुलर फेस रहीं प्रत्युषा बनर्जी की मौत के बाद से उनके माता-पिता की जिंदगी पूरी तरह से बदल चुकी है। वह पहले जैसे बड़े घर में नहीं रहते। बालिका वधु की आनंदी का किरदार निभा कर नाम दौलत शौहरत कमाने वालीं प्रत्युषा बनर्जी के माता पिता अब एक कमरे में रहकर जिंदगी बिताने को मजबूर हैं। प्रत्युषा बनर्जी के माता पिता अपनी बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए आज भी दर-दर भटक रहे हैं। वह बताते हैं कि प्रत्युषा थीं तब वह अर्श पर थे, बेटी के चले जाने के बाद वह अब फर्श पर आ गए हैं।
अपनी हालत बयां करते हुए प्रत्युषा के पिता शंकर बनर्जी का दर्द छलका और उन्होंने बताया कि – इस हादसे के बाद उनकी जिंदगी ही बदल गई है। आज तक की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रत्युषा के पिता ने कहा कि- ‘इस हादसे ने हमारा सब कुछ छीन लिया। जैसे कोई भयंकर तूफान आया हो। बेटी के साथ ही हमने सब कुछ गंवा दिया। प्रत्युषा को इंसाफ दिलाने की लड़ाई में हम सब कुछ गंवा चुके हैं।’
उन्होंने आगे कहा कि बेटी के अलावा हमारा कोई और सहारा नहीं था। हम अकेले हैं। वो थी तो हम अर्श पर थे, वो नहीं हैं तो हम फर्श पर आ गए हैं। हम लोग जैसे तैसे अपनी ये जिंदगी काट रहे हैं। एक कमरे में रह कर गुजर बसर कर रहे हैं। हालत इतनी खराब है कि कई बार कर्ज लेने तक की नौबत आई है।’
जीवनयापन करने के लिए प्रत्युषा की मां चाइल्ड केयर सेंटर में काम कर रही हैं। वहीं एक्ट्रेस के पिता कहानियां लिखने की कोशिश में जुटे रहते हैं। शंकर बनर्जी कहते हैं कि- ‘प्रत्युषा को इंसाफ दिलाने के लिए मैं आखिरी सांस तक लड़ूंगा। एक बाप कभी नहीं हार सकता। मुझे हमारे न्याय व्यवस्था पर भरोसा है।’
बता दें, 1 अप्रैल 2016 को टीवी एक्ट्रेस प्रत्युषा बनर्जी अपने घर में मृत पाई गई थीं। 5 साल बाद भी एक्ट्रेस की मौत एक अनसुलझी पहेली बनी हुई है। ऐसे में प्रत्युषा के माता पिता उन्हें इंसाफ दिलाने की लड़ाई लड़ रहे हैं। प्रत्य़ुषा की मौत को सुसाइड कहा गया वहीं एक्ट्रेस के माता-पिता का कहना है कि प्रत्युषा की हत्या हुई थी।