फिल्म- बेबी जॉन
डायरेक्टर- कलीस
स्टार कास्ट- वरुण धवन, कीर्ति सुरेश, वामिका गब्बी, जैकी श्रॉफ, राजपाल यादव और अन्य
समय- 164.01 मिनट
रेटिंग- 3/5

Baby John Movie Review In Hindi: हमारे समाज में कुरीतियों के साथ कई ऐसे गंभीर मुद्दे हैं, जिसे अक्सर उठाए जाते हैं। सबसे बड़ा मुद्दा रहा है महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा का। भारत में ऐसी कई घटनाएं रही हैं, जिसने देश को ही नहीं बल्कि दुनियाभर को हिलाकर रख दिया था। जैसे- निर्भया केस। आज भी आए दिन कोई ना कोई बच्चियों और महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं सामने आती रहती हैं। वहीं, महिलाओं की ट्रैफिकिंग का मुद्दा भी काफी पुराना रहा है। इसे रोकने के लिए कई NGO काम कर रही हैं। वहीं, कई फिल्में भी रही हैं, जिसमें इन मुद्दों को उठाया जाता रहा है। ऐसे में अब डायरेक्टर कलीस कुछ ऐसी ही फिल्म लेकर आए हैं लेकिन, एकदम नए और जबरदस्त एक्शन अंदाज में।

जी हां, हम बात कर रहे हैं वरुण धवन, कीर्ति सुरेश और वामिका गब्बी स्टारर फिल्म ‘बेबी जॉन’ की। इसे क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया गया है। इसका निर्माण फिल्म जिओ स्टूडियोज़ और ए फॉर एप्पल के साथ सिने 1 स्टूडियोज़ के बैनर तले किया गया है। साल 2024 के अंत में ‘पुष्पा 2’ के बाद जाते-जाते एक और एक्शन मसाला मूवी रिलीज की गई है, जो फुल एंटरटेनमेंट का डोज है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में बेपनाह उम्मीदें और एक्साइटमेंट थी। इसकी रिलीज के साथ ही उनका वो इंतजार भी खत्म हो गया है। फिल्म सामाजिक संदेश देती है और महिलाओं से जुड़े एक गंभीर मुद्दे पर प्रहार करती है, जिसके खिलाफ बात करने से लोग हिचकिचाते हैं या फिर अपनी जान बचाकर भागते हैं। ऐसे में अगर आप ये फिल्म देखने का मन बना रहे हैं तो चलिए बताते हैं आपको इसकी कहानी और स्टार्स की एक्टिंग के बारे में।

पुरानी कहानी मगर एक्शन की है भरमार

‘बेबी जॉन’ की कहानी किसी के लिए भी पुरानी हो सकती है लेकिन, इसे जिस तरह से सिनेमा का आकार दिया गया है वो कमाल का है। पुरानी कहानी भले ही है लेकिन इसे भरमार एक्शन के साथ पेश किया गया है। इसमें ना केवल एक्शन होता है बल्कि इमोशन्स की गहराई भी होती है, जो आपको इसकी कहानी से सीधे जोड़ती है और आप भावुक भी हो जाते हैं। फिल्म की स्टोरी IPS सत्या वर्मा यानी कि वरुण धवन, मीरा (कीर्ति सुरेश), शीबा चड्ढा (सत्या वर्मा की मां), राम सेवक (राजपाल यादव) और जैकी श्रॉफ (फिल्म के विलेन) के इर्द-गिर्द घूमती है। सत्या एक ऐसा अफसर होता है, जिसका नाम सुनते ही गुंड्डों की रूह भी कांप उठती है। लेकिन, कुछ ऐसा होता है कि वो अपनी नौकरी छोड़ देता है और एक आम आदमी की जिंदगी जीने लगता है लेकिन, फिर कहानी में उलट फेर होता है और फिर से वरुण धवन बेबी जॉन से सत्या बन जाते हैं।

फिल्म का फर्स्ट हाफ केवल फ्लैश बैक में चलता है और भर-भरकर एक्शन देखने के लिए मिलता है। इंटरवल इतना कमाल का है कि आप आगे की स्टोरी को जानने के लिए अंदर से एक्साइटेड रहेंगे। मुख्यतः फिल्म की कहानी ह्यूमन ट्रैफिकिंग पर है, जिसमें छोटी बच्चों की खरीद-फरोक होती है और उनके साथ घिनौना काम किया जाता है। इसकी कहानी झकझोर देने वाली है।

जैकी श्रॉफ ने चुराई लाइमलाइट, क्या कर रहे हैं वरुण धवन?

कोई फिल्म होती है तो वो दो चीजों पर हिट और फ्लॉप होती है। पहला की फिल्म की कहानी और दूसरा स्टार्स की एक्टिंग। कई बार ऐसा होता है कि फिल्म की कहानी भले कमजोर होती है मगर स्टार्स की एक्टिंग दर्शकों का दिल जीत लेती है। कई बार दोनों ही चीजें अच्छी होती हैं। इस फिल्म में वरुण धवन लीड रोल में हैं। उन्हें आपने पहले भी एक्शन करते देखा होगा लेकिन, ऐसा एक्शन पहली बार है, जब पर्दे पर उन्होंने अलग ही छाप छोड़ी है। अब साउथ के डायरेक्टर हैं तो धुआंधार एक्शन तो बनता है। वहीं, इस मूवी में जैकी श्रॉफ ने सारी लाइमलाइट ही चुरा ली है। विलेन के रोल में क्या खूब काम किया है। वरुण पर वो अकेले ही भारी पड़ गए। 67 साल की उम्र में उन्होंने क्या कमाल का एक्शन किया है। वो इसमें बेहद ही खतरनाक नजर आए।

साउथ एक्ट्रेस कीर्ति सुरेश ब्यूटी क्वीन हैं तो उन्होंने ना केवल एक्टिंग बल्कि अपनी खूबसूरती से भी फैंस को खूब लुभाया। फिल्म में वो वरुण धवन की पत्नी के रोल में है। दोनों के बीच कमाल की केमिस्ट्री देखने के लिए मिलती है। इसके साथ ही वामिका गब्बी पुलिस अफसर हैं और कमाल के एक्शन सीक्वेंस भी किए हैं। वो भी अपने किरदार में जंचती हैं।

कैसा है कलीस का डायरेक्शन?

इसके साथ ही अगर ‘बेबी जॉन’ के डायरेक्शन की बात की जाए तो शुरुआत में इसका स्क्रीन प्ले थोड़ा धीमा लग सकता है। बीच में कुछ सीन्स ऐसे भी आते हैं, जो बोरियत फील कराते हैं लेकिन, बीच-बीच में कुछ ऐसा हो जाता है कि आपकी वो बोरियत दूर हो जाती है। कोई गाना आ जाता है या फिर वरुण धवन का जोरदार एक्शन सीक्वेंस आपको फिर से कहानी से जोड़ देता है। उन्होंने फिल्म के हर किरदार को स्क्रीन स्पेस दिया है। एक फिल्म में डायरेक्टर के लिए एक साथ एक्शन, इमोशन और गंभीर मुद्दे को दिखाना काफी मुश्किल होता है। कलीस अपनी कोशिश में काफी हद तक सफल रहे हैं। बीच में लगता है कि वो ट्रेक से भटकते हैं रोमांस वाले ट्रेक पर आ जाते हैं लेकिन, बाद फिर स्टोरी अपने ही ट्रैक पर आ जाती है। फिल्म को सेकेंड हाफ के बाद और भी इन्जॉय करेंगे।

फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर

वहीं, ‘बेबी जॉन’ के बैकग्राउंड स्कोर की बात की जाए तो इसे थमन ने दिया है। थमन का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर शानदार है। उनका बैकग्राउंड स्कोर हर सीन को एक नया आयाम देता है, जिसमें इमोशन्स की गहराई होती है। गाना जैसे ‘नैन मटक्का’ और ‘बंदोबस्त’ पहले ही हिट हो चुके हैं और फिल्म में इसे देखना अलग अनुभव होता है।

देखनी चाहिए या नहीं

अब अगर फिल्म ‘बेबी जॉन’ के बारे में बात की जाए कि इसे देखना चाहिए या नहीं तो कुल मिलाकर हम ये कहेंगे कि फिल्म वन टाइम वॉच है। इसे आप देख सकते हैं। अगर आप सामाजिक मुद्दों पर बनी फिल्मों को देखना पसंद करते हैं तो आपके लिए इस वीकेंड अच्छा ऑप्शन है। वहीं, अगर सिनेमा प्रेमी हैं ऊपर से एक्शन के दीवाने हैं तो आपके लिए ये इस छुट्टी डबल धमाके से कम नहीं है। आप अपने फेवरेट पर्सन के साथ इन्जॉय कर सकते हैं। कलीस द्वारा निर्देशित और मुराद खेतानी, प्रिया अटली, और ज्योति देशपांडे द्वारा निर्मित ये फिल्म एक पूरा पैकेज है। इसमें एक्शन, इमोशन, ड्रामा, और एक मजबूत सामाजिक संदेश है। गौरतलब है कि ये विजय थलापति की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘थेरी’ का हिंदी रीमेक है। अगर आपने साउथ की इस फिल्म को नहीं देखा तो आप वरुण धवन की फिल्म नए अंदाज के साथ देख सकते हैं।