B Praak Reaction on Kalkaji Stage Collapse: बॉलीवुड सिंगर बी प्राक (B Praak) किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। दुनियाभर में उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग हैं। वो जब भी किसी लाइव इवेंट के लिए जाते हैं तो उन्हें देखने के लिए और उनके गानों को सुनने के लिए फैंस की भारी भीड़ उमड़ जाती है। इसी बीच बी प्राक को लेकर खबर सामने आई कि उनके लाइव इवेंट में स्टेज गिर जान की वजह से एक महिला की मौत हो गई। साथ ही कई घायल भी हो गए हैं। उनका इवेंट दिल्ली कालकाजी मंदिर में था, जहां ये घटना घटी। ऐसे में अब इस पूरे मामले पर सिंगर की ओर से नम आंखों के साथ रिएक्शन जारी किया गया है।
कालकाजी मंदिर में जागरण के दौरान बी प्राक परफॉर्म कर रहे थे। तभी अचानक से स्टेज गिर गया और घटना में 17 लोग घायल हो गए। वहीं एक महिला ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया था। जब ये सारी घटना हुई तो उस समय बी प्राक स्टेज पर ही थे। उनकी आंखों के सामने ये घटना घटी और इससे वो काफी दुखी हैं। इस पर उन्होंने नम आंखों के साथ दुख जताया है।
बी प्राक ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें वो घटना के बारे में बात करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है कि वो इस घटना से काफी दुखी हैं। उनका मन दुखी है। उन्होंने इस तरह की कोई घटना पहली बार देखा है। उन्होंने आशा जताई कि जिन लोगों को इस दौरान चोटें आईं वो सब ठीक होंगे। सिंगर कामना करते दिखे कि सभी जल्द ही ठीक हो जाएं और अपने परिवार में वापस से लौट जाएं।
घटना को लेकर क्या बोले बी प्राक?
कालकाजी की घटना को लेकर बी प्राक ने रिएक्शन देते हुए कहा, ‘किसी कार्यक्रम का मैनेजमेंट बहुत जरूरी होता है। हालांकि, मैनेजमेंट ने लोगों को बहुत समझाने की कोशिश की कि लोग पीछे हट जाएं। लेकिन, यह आप सबका मां के लिए प्यार है। मेरे लिए प्यार है। पर हमें आगे से बहुत ध्यान रखना होगा। जान से बढ़कर कुछ भी नहीं है। इसलिए, हमें इसका बहुत ध्यान रखना है। जब मां की इच्छा होगी मैं फिर से आऊंगा।’
1500 लोगों से ज्यादा थी भीड़
आपको बता दें कि दिल्ली के कालकाजी में बी प्राक के कॉन्सर्ट के लिए 1500 से ज्यादा लोगों की भीड़ उमड़ी थी। स्टेज को लकड़ी के पटरों और लोहे के खंभों से बनाया गया था। इस पर काफी संख्या में लोग चढ़ गए थे, जिससे कि स्टेज टूट गया और इस घटना में एक महिला की जान चली गई साथ ही कई घायल हो गए।