अयोध्या में राम लला के प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। 22 जनवरी का दिन इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाला है। इस दिन एक बार फिर से देशभर में दिवाली मनाई जाने वाली है। पीएम नरेंद्र मोदी अयोध्या में राम मंदिर का उद्घाटन करने वाले हैं। इसी दिन राम लला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम भी है, जिसमें देशभर के नेता और बॉलीवुड सेलेब्स शामिल होने वाले हैं। कइयों को न्योता दिया जा चुका है और कइयों को अभी निमंत्रण दिया जा रहा है। इस लिस्ट में आलिया भट्ट (Alia Bhatt) और रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor) का नाम भी शामिल हो गया है। कपल को अलग-अलग इनविटेशन मिला है। इनकी तस्वीर भी सामने आई है।
जी हां, रणबीर कपूर और आलिया भट्ट की जोड़ी भी इस शुभ घड़ी और ऐतिहासिक दिन का हिस्सा बनने वाले हैं। कपल को राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलग-अलग न्योता दिया गया है। इनकी एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर शेयर की गई है। इसे समाचार एजेंसी एएनआई ने शेयर किया है। फोटो को साझा करने के साथ ही न्योते की जानकारी भी दी गई है। वायरल तस्वीर में कपल को न्योता स्वीकारते हुए देखा जा सकता है।
‘रामायण’ के राम बनेंगे रणबीर कपूर
आपको बता दें कि रणबीर कपूर को लेकर इन दिनों चर्चा जोरों पर है कि वो 2024 में बनने वाली नितीश तिवारी की ‘रामायण’ में नजर आने वाले हैं। इसमें वो राम की भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं, सीता के किरदार के लिए पहले आलिया भट्ट का नाम सामने आ रहा था लेकिन, बाद में खबर आई कि मां सीता का रोल साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी निभाने वाली हैं। ऐसे में अब फैंस को फिल्म से एक्टर के लुक और सभी अपडेट्स का बेसब्री से इंतजार है। गौरतलब है कि रणबीर कपूर को आखिरी बार ‘एनिमल’ में देखा गया था, जो कि बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर रही थी।
आपको बता दें कि राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी को किया जाएगा। इसमें देशभर की कई बड़ी हस्तियां शामिल होने वाली हैं। जानकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम के लिए 7 हजार प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही इसमें लाखों के शामिल होने का अनुमान भी लगाया गया है। इसके बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। वहीं, राम मंदिर के बारे में बात की जाए तो बताया जा रहा है कि इसका ढांचा कुल मिलाकर तीन मंजिला होगा। मुख्य मंदिर तक पहुंचने के लिए भक्तों को 32 सीढ़ियां चढ़नी होंगी। इसके साथ ही मंदिर परिसर 380 फुट लंबा (पूर्व-पश्चिम दिशा), 250 फुट चौड़ा और 161 फुट ऊंचा होगा। इतना ही नहीं इसमें कुल 392 खंभे और 44 द्वार होंगे। इसका निर्माण भव्य तरीके से किया गया है।