आयशा जुल्का आज भले ही फिल्मों में नजर नहीं आती हैं लेकिन 90s के दिनों में वो स्क्रीन पर राज करती थीं। उन्होंने पर्दे पर बॉलीवुड के कई दिग्गज अजय देवगन, सलमान खान, मिथुन चक्रवर्ती जैसे सितारों के साथ काम किया है और अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। ऐसे में अब सालों के बाद आयशा ने पुराने दिनों को याद किया है और बताया कि 90 के दशक में शूटिंग के सेट पर सेफ्टी आज के मुकाबले इतनी अच्छी नहीं होती थी। ऐसे में एक बार वो खुद बड़े हादसे का शिकार होने वाली थीं, जिसमें उनकी जान तक जा सकती थी। लेकिन, सलमान खान की वजह से उनकी जान बच गई थी। इस वाकये को वो आज तक नहीं भूल पाई हैं। चलिए बताते हैं एक्ट्रेस ने क्या कुछ बताया।
आयशा जुल्का ने बॉलीवुड बबल से बात करते हुए इस हादसे के बारे में बताया कि उस समय वॉल्कीज-टॉकीज नहीं होते थे। लोग सेट पर चिल्लाते हुए इंस्ट्रक्शन्स देते थे। अगर वो दूर से इंस्ट्रक्शन देना होता था तो वो झंडा लहराकर इशारा करते थे। ऐसे में एक बार वो सेट पर हादसे का शिकार होते-होते बची थीं। एक्ट्रेस ने बताया कि वो एक बार इगातपुरी रेलवे ट्रैक के पास शूट कर रही थीं और बताा गया था कि उस समय कोई ट्रेन नहीं आने वाली है।
जब ट्रैक पर आई ट्रेन…
आयशा बताती हैं कि वो ट्रैक पर शूटिंग कर रही थीं। कैमरामैन ने कैमरा लगाया हुआ था और एक्ट्रेस को ट्रैक पर डांस करना था। उनसे पहले सलमान खान को डांस करना था। उनका गाना जोर से चल रहा था और वो बार-बार रिहर्सल कर रही थीं। तभी उनको किसी ने पीछे से जोर से धक्का दिया। उनको उस समय लगा कि जैसे उनके सारे अंग हिल गए। सलमान ने एक्ट्रेस को जोर से खींचा क्योंकि उन्होंने सुन लिया था कि ट्रेन आ रही है। एक्ट्रेस को एक पल के लिए समझ नहीं आया कि क्या हुआ लेकिन, सभी ने कहा कि सलमान ने उनकी जान बचा ली।
यूनिट पर भड़के सलमान खान
इसके बाद सलमान खान का गुस्सा सातवें आसमान पर था। एक्ट्रेस ने बताया कि भाईजान यूनिट पर चिल्लाने लगे थे कि वो भी ट्रैक पर हो सकते थे। क्योंकि आयशा से पहले वो वहां पर शूट कर रहे थे। बहरहाल, अगर आयशा के बारे में बात की जाए तो उन्होंने अपने करियर में कई हिट फिल्मों में काम किया। इसमें ‘खिलाड़ी’, ‘चाची 420’ और ‘जो जीता वही सिकंदर’ जैसी फिल्में शामिल हैं। उन्हें हाल ही में सेलिब्रिटी मास्टरशेफ शो में देखा गया था।
आयशा जुल्का ने इसके पहले आमिर खान की फिल्म ‘जो जीता वही सिकंदर’ को लेकर खुलासा किया था कि इसकी शूटिंग के सेट पर हादसे का शिकार हो गई थीं। ये हादसा फिल्म की अंतिम रेस के दौरान हुआ था और उनके सिर पर चोट लग गई थी। उनके सिर पर बांस की बल्ली लग गई थी।