सुनील शेट्टी की लाडली बेटी अथिया शेट्टी और क्रिकेटर केएल राहुल लंबे समय से अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में हैं। दोनों लंबे वक्त से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं। अक्सर साथ में स्पॉट किये जाते हैं।कुछ समय पहले दोनों की शादी से जुड़ी कई खबरें आई थी।

हालांकि तब अथिया और उनके परिवार ने इसे महज अफवाह बताया था। अब इस कपल की शादी से जुड़ा एक और ताजा अपडेट सामने आया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अथिया शेट्टी और केएल राहुल की शादी का वेन्यू तय हो गया है।

सुनील शेट्टी के फार्म हाउस से होगी शादी

पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक अथिया शेट्टी और केएल राहुल इस साल के अंत या जनवरी तक शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो दोनों हाल ही में अपने नए बांद्रा अपार्टमेंट में शिफ्ट हो गए हैं। परिजनों ने शादी का वेन्यू तय कर लिया है। खबरों की मानें तो ये दोनों सितारे किसी 5 स्टार होटल में नहीं बल्कि सुनील शेट्टी के खंडाला स्थित फार्म हाउस पर एक दूजे का हाथ थामेंगे। सूत्रों के मुताबिक शादी की तैयारियों के लिए एक जाने-माने वेडिंग ऑर्गनाइजर अपनी टीम के साथ खंडाला में मौजूद हैं।

सुनील शेट्टी ने शादी को लेकर कही थी यह बात

बता दें कि बेटी की शादी के सवाल पर सुनील शेट्टी ने कहा था कि मुझे लगता है कि जैसे ही बच्चों को समय मिलेगा वो तय करेंगे। राहुल का शेड्यूल व्यस्त है। अभी वर्ल्ड कप है, साउथ अफ्रीका का टूर है, ऑस्ट्रेलिया टूर है…ऐसे में जब बच्चों को ब्रेक मिलेगा, तब शादी होगी। एक दिन में शादी नहीं हो सकती न।

सुनील शेट्टी के बेहद करीब है फार्महाउस

खंडाला का घर सुनील शेट्टी के दिल के बेहद करीब है। सुनील और माना शेट्टी का यह घर 17 साल पहले बना था। सुनील शेट्टी का ये फार्म हाउस पहाड़ियों में बसा हुआ है और इसके अंदर हर तरह की सुख-सुविधाएं मौजूद हैं। सुनील शेट्टी का ये फार्म हाउस किसी जन्नत से कम नहीं है। बता दें कि आथिया शेट्टी आखिरी बार फिल्म ‘मोतीचूर चकनाचूर’में नजर आई थीं। अब फुटबॉलर अफशान आशिक की बायोपिक में नजर आ सकती हैं।