भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा (BJYM) ने 2 अगस्त को उत्तर प्रदेश में तमाम नए पदाधिकारियों की घोषणा की। इसमें एक नाम को लेकर सियासत गरमा गई है। पार्टी ने कानपुर के रहने वाले अरविंद राज त्रिपाठी को प्रदेश मंत्री नियुक्ति किया है। विपक्षी दलों का आरोप है कि अरविंद त्रिपाठी पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर हैं और उन पर हत्या समेत कथित तौर पर 16 मुकदमे दर्ज हैं।

उधर, कानपुर पुलिस ने भी एक बयान जारी कर कहा है कि अरविंद राज त्रिपाठी पर कुल 16 आपराधिक मामले दर्ज थे। जिसमें हत्या का मामला भी शामिल था। इन मामलों की मौजूदा स्थिति क्या है, इसकी जांच की जा रही है। उधर, भाजपा ने दावा किया है कि त्रिपाठी के खिलाफ अब सिर्फ एक मुकदमा चल रहा है। दूसरे मामलों में वे बरी हो चुके हैं।

कानपुर के काकादेव थाने के एसएचओ कुंज बिहारी मिश्रा ने बताया कि साल 2013 में अरविंद राज त्रिपाठी की “हिस्ट्री शीट” खुली थी। उनके खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इनमें से कुछ मुकदमे गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट में भी दर्ज थे। पुलिस कोर्ट से जानकारी ले रही है कि मुकदमों की मौजूदा स्थिति क्या है।

पूर्व IAS ने घेरा: अरविंद राज त्रिपाठी की नियुक्ति को लेकर लोग सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर कर रहे हैं और बीजेपी पर निशाना साध रहे हैं। पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने लिखा “ये है ‘पार्टी विथ ए डिफ़रेंस’…बड़ी से बड़ी वॉशिंग मशीन भी इस पार्टी के आगे फेल है। गुंडा, माफिया, डकैत, बलात्कारी, लूटेरा, हत्यारा या कोई भी अपराधी हो, भाजपा में शामिल होते ही शुद्ध हो जाता है। अब ये ‘माननीय’ हैं, इनकी शान में गुस्ताखी करेंगे तो FIR भी झेलनी पड़ सकती है।”

कांग्रेस नेता अनिल यादव ने पदाधिकारियों की सूची साझा करते हुए लिखा, “इसमें अरविंद राज नामक व्यक्ति पुलिस रिकॉर्ड में हिस्ट्रीशीटर है। अब समझ आया गुंडे बदमाश या तो प्रदेश छोड़ कर जा चुके हैं या भाजपा की किसी ना किसी कार्यकारिणी में आ चुके हैं।”

सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रवक्ता पीयूष मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा ‘यूपी में बीजेपी ने कानपुर के जिस अरविंद राज त्रिपाठी को पार्टी के युवा मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया है पुलिस के रिकार्ड में वह हिस्ट्रीशीटर है। शहर के काकादेव थाने में उनके ख़िलाफ़ कई केस हैं…जय श्री राम।’

रानू कुमार नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा ‘अरविंद के ख़िलाफ़ कानपुर के काकादेव थाने में 16 मुक़दमें दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक़ हिस्ट्रीशीटर है अरविंद। अब BJP युवा मोर्चा में हिस्ट्रीशीटर को पदाधिकारी बनाकर युवाओं को एकजुट करेंगी?’