नितेश तिवारी के प्रोजेक्ट ‘रामायण’ को लेकर लंबे समय से चर्चा हो रही है। इसमें भगवान राम के रोल के लिए रणबीर कपूर का नाम सामने आया है। वहीं उनके साथ यश और साई पल्लवी भी होने की खबर है। अब रणबीर कपूर के श्री राम का किरदार निभाने पर टीवी की ‘रामायण’ के राम अरुण गोविल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसपर अपने विचार रखे हैं कि क्या रणबीर इस किरदार को बखूबी निभा पाएंगे या नहीं।
मीडिया के साथ बात करते हुए अरुण गोविल ने कहा है कि रणबीर कपूर इस रोल में हिट होंगे या नहीं ये नहीं पता, लेकिन रणबीर एक्टर बहुत अच्छे हैं। अरुण ने कहा,”फिल्म के रोल हिट होंगे या नहीं वो तो समय बताएगा। पहले से कुछ नहीं कहा जा सकता है, लेकिन जहां तक रणबीर की बात है तो वह एक अच्छे और मेहनती एक्टर हैं। वह कई अवॉर्ड जीत चुके हैं। मैं उनको जितना जानता हूं, वह एक बहुत संस्कारी बच्चे हैं। वह ईमानदारी एक्टर है उनके अंदर संस्कार, संस्कृति है। मुझे लगता है वो ये रोल अच्छे से निभाएंगे।”
बता दें कि अरुण गोविल ने रामानंद सागर की ‘रामायण’ में भगवान राम का किरदार निभाया था और आज तक लोग उन्हें उसी रूप में देखते हैं। अयोध्या में हुए राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में अरुण गोविल, ऑनस्क्रीन सीता दीपिका चिखलिया और लक्ष्मण सुनील लहरी के साथ पहुंचे थे। उनके दर्शन के लिए वहां लोगों की भीड़ उमड़ गई थी।
अब बात नितेश तिवारी की ‘रामायण’ की करें तो इसके स्टार कास्ट को लेकर नया अपडेट सामने आया है। पहले रणबीर के साथ साई पल्लवी, यश, सनी देओल और विजय सेतुपति का नाम सामने आ रहा था। पहले विभीषण के रोल में विजय सेतुपति का नाम सामने आ रहा था, लेकिन अब कहा जा रहा है कि ये रोल हरमन बावेजा निभाएंगे।
हनुमान के रोल में सनी देओल कैकेयी के रोल में लारा दत्ता नजर आएंगी। वहीं रिपोर्ट्स की मानें तो रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के रोल में दिखाई देंगी। हालांकि इन सबको लेकर कोई आधिकारिक घोषणा अब तक नहीं हुई है।