बॉलीवुड एक्टर अर्जुन कपूर इन दिनों ग्लासगो में अपनी अगली फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। वह अक्सर किसी ना किसी वजह से चर्चा में रहते हैं। हाल ही में ‘कॉफी विद करण सीजन-7’ में वरुण धवन ने सबके सामने मजाकिया लहजे में अर्जुन के कैरेक्टर पर सवाल खड़ा कर दिया था। जिसके बाद अब अभिनेता ने इसपर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अर्जुन कपूर ने क्या जवाब दिया?
हाल ही में अर्जुन कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपनी कुछ ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें शेयर की हैं। उन्होंने अपने लुक को ब्लैक सनग्लास से कंप्लीट किया है। इन तस्वीरों में एक्टर काफी स्मार्ट लग रहे हैं। अर्जुन कपूर ने इस तस्वीरों को शेयर कर कैप्शन पर लिखा, “नई फिल्म नई वाइब। प्यार के साथ ग्लासगो से’।
वरुण धवन ने किया कमेंट
एक्टर की इस तस्वीर पर वरुण धवण ने कमेंट करते हुए लिखा, ‘क्या इंसान हो आप।’ आगे उन्होंने ताली बजाने वाली इमोजी भी कमेंट किया। वरुण के इस कमेंट पर अर्जुन ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि ‘तुम्हारे कॉफी पीते पीते मेरे बारे में दिए गए डिस्क्रिप्शन के बिल्कुल विपरीत इंसान हूं मैं।’ अब अर्जुन कपूर की तस्वीर के साथ-साथ उनका कमेंट भी काफी वायरल हो रहा है।
वरुण ने अर्जुन कपूर को बताया था फ्लर्ट करने वाला
गौरतलब है कि पिछले दिनों वरुण धवन जब अनिल कपूर के साथ कॉफी विद करण में पहुंचे थे, तब उन्होंने अर्जुन को लेकर कहा था कि अर्जुन गपशप करने वाले और फ्लर्ट करने वाले इंसान हैं। यहां तक कि वरुण ने दावा किया था कि अर्जुन महिलाओं से ऑनलाइन फ्लर्ट करते हैं।
इसके बाद करण ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि ‘हां, मैंने भी सुना है।’ हालांकि, अर्जुन के चाचा यानी अनिल कपूर ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि ‘उसका ब्रेकअप हो जाएगा’। इस पर भी वरुण ने बोला था कि ‘नहीं-नहीं, वो नहीं होगा।’ इसके बाद वरुण ने बताया था कि अर्जुन कपूर सबसे ज्यादा डींगे मारते है। जबकि अनिल ने कहा था कि वरुण को उनके भतीजे के बारे में ऐसी बातें नहीं करनी चाहिए।
वहीं बात अगर अर्जुन कपूर के वर्कफ्रंट की करें तो वह ‘कुत्ते’,’द लेडी किलर’,’कनेड़ा’ फिल्मों में नजर आएंगे। अर्जुन कपूर की इन फिल्मों का उनके फैंस को बेसब्री से इंतजार है।