मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर के रिश्ते को लेकर लंबे समय से खबर आ रही है कि दोनों अलग हो चुके हैं। अब ये कपल कहीं साथ नजर नहीं आता है। लेकिन मलाइका के जन्मदिन पर अर्जुन कपूर ने उनकी तस्वीर शेयर करते हुए जन्मदिन की बधाई दी थी और उन्हें अपना प्यार बताया था। इसी बीच अब खबर आ रही है कि अर्जुन और मलाइका दो महीने पहले ही एक दूसरे से अलग हो चुके हैं और इसका कारण शादी को लेकर हुआ विवाद है।
रिपोर्ट्स के अनुसार अर्जुन और मलाइका ने करीब दो महीने पहले अपना रिश्ता खत्म कर लिया था। दोनों सालों से एक दूसरे के साथ थे तो उनके लिए रिश्ता खत्म करना और अच्छी यादों को भुलाना आसान नहीं था। आखिरकार दोनों को समझ आ गया कि अलग होना कोई समाधान नहीं है। फिलहाल दोनों साथ हैं और अपने रिश्ते को एक मौका दे रहे हैं।
शादी को लेकर हुआ था विवाद
रिपोर्ट्स की मानें तो दोनों ने अपने रिश्ते से ब्रेक लिया था। उनके अलग होने का कारण शादी थी। दोनों ही एक दूसरे के साथ रहना चाहते हैं और शादी करना चाहते हैं। लेकिन इनमें से कोई भी कमिटमेंट देने को तैयार नहीं।
अर्जुन और मलाइका ने शादी पर कही थी ये बात
कुछ दिनों पहले ‘कॉफी विद करण 8’ में अर्जुन कपूर और आदित्य रॉय कपूर गेस्ट बनकर आए थे। करण जौहर ने अर्जुन से शादी को लेकर सवाल किया था, जिसपर उन्होंने कहा था कि वह अकेले इसपर बात नहीं करेंगे, ये दूसरे के सम्मान के लिए सही नहीं है। वहीं मलाइका ने भी शादी पर पूछे गए सवाल पर अजीब सा जवाब दिया था। मलाइका का एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें उनसे पूछा गया था कि क्या वह 2024 में शादी करेंगी? इसपर मलाइका ने कहा था,”पक्का करूंगी, अगर कोई पूछेगा तो।” दोनों के बयानों से भी ये जाहिर हो गया था कि दोनों के बीच दूरियां शादी के मुद्दे को लेकर ही आई थीं।
अब कहा जा रहा है कि दोनों फिलहाल एक दूसरे के साथ हैं। अर्जुन और मलाइका लंबे समय से एक दूसरे को डेट कर रहे हैं, लेकिन इस कपल ने साल 2019 में अपना रिलेशनशिप पब्लिक किया था। इससे पहले दोनों को अक्सर एक साथ देखा जाता था, लेकिन बाद में दोनों खुलकर एक दूसरे के लिए प्यार का इजहार करने लगे। बता दें कि मलाइका के पूर्व पति अरबाज खान ने हाल ही में शूरा खान के साथ दूसरी शादी की है।