Swara Bhaskar’s Husband Fahad Ahmad: महाराष्ट्र के लिए आज का दिन बेहद ही अहम है। आज यानी कि 23 नवंबर को राज्य की सियासी कुर्सी का फैसला होना है कि सत्ता पर काबिज कौन होगा। 20 नवंबर को हुई वोटिंग की गिनती जारी है। राजनीतिक पार्टियों के लिए 288 सीटें अहम हैं। इसी में एक अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट रही है, जिस पर लोगों की नजरें टिकी हुई थी। यहां से बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर के पति फाहद अहमद चुनावी मैदान में थे। यहां पर उनकी टक्कर नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी की सना मलिक से थी, जिसमें उन्हें करारी हार मिली है। ऐसे में अब अभिनेत्री पति की हार को बर्दाश्त नहीं कर पाई्ं और उन्होंने ईवीएम पर सवाल उठाए हैं। साथ ही चुनाव आयोग से जवाब भी मांगा है।
दरअसल, फाहद अहमद के हारने के बाद स्वरा भास्कर ने एक्स यानी कि अपने ट्विटर अकाउंट से पोस्ट शेयर की है। इसे शेयर करने के साथ ही एक्ट्रेस ने चुनाव आयोग को टैग कर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा, ‘पूरा दिन वोट होने के बावजूद EVM मशीन 99% कैसे चार्ज हो सकती है? इलेक्शन कमीशन जवाब दे…अणुशक्ति नगर विधानसभा में जैसे ही 99% चार्ज मशीने खुली उसके बीजेपी समर्थित एनसीपी को वोट मिलने लगे आख़िर कैसे ?’ स्वरा की इस पोस्ट के बाद लोग इस पर जमकर रिएक्शन देने लगे और हेटर्स ने उन्हें ट्रोल भी करना शुरू कर दिया। हालांकि, एक्ट्रेस ने किसी को कोई जवाब नहीं दिया और ना ही किसी तरह का कोई रिएक्शन। लोग उनकी मजाक उड़ा रहे हैं और मीम्स शेयर कर रहे हैं।
फाहद अहमद को मिले कितने वोट?
अगर फाहद अहमद को मिले कुल वोटों की बात की जाए तो अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट पर 19 चरणों में वोटों की गिनती की गई। इस सीट पर शुरुआती रुझानों में पहले तो फहद आगे रहे लेकिन, बाद जैसे-जैसे वोटों की गिनती आगे बढ़ी तो नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी की सना मलिक ने बढ़त बना ली। फहाद नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी शरद चंद्र पवार से चुनावी मैदान में थे। उन्हें 3378 वोटों से हार मिली है और सना को जीत। सना को 49341 वोट मिले जबकि फहद को 45963 वोट मिल पाए हैं।

सपा छोड़कर NCP शरद पवार की पार्टी में हुए थे शामिल
आपको बता दें कि फाहद अहमद पहले समाजवादी पार्टी में थे। लेकिन, कुछ वक्त पहले ही उन्होंने सपा को छोड़ दिया था और NCP शरद पवार की पार्टी में शामिल हो गए थे, जिसके बाद उन्हें उन्हें अणुशक्ति नगर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतारा गया था। लेकिन, अब उन्हें यहां से हार का सामना करना पड़ा है।
गौरतलब है कि स्वरा भास्कर और फाहद अहमद ने 16 फरवरी, 2023 को कोर्ट मैरिज की थी। इसके बाद सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर शादी का ऐलान किया था। रजिस्टर मैरिज के 7 महीने के बाद कपल एक बेटी का पैरेंट्स बना, जिसका नाम राबिया है। शादी के बाद से एक्ट्रेस एक्टिंग से दूर हैं मगर सोशल मीडिया पर सामाजिक मुद्दों पर राय रखती हैं।
इसके अलावा आपको बता दें कि स्वरा भास्कर अक्सर ट्रोल्स के निशाने पर रहती हैं। ऐसे में बीते दिनों वो अपने पहनावे को लेकर खबरों में थीं। लोग उन्हें ट्रोल कर रहे थे, जिसका एक्ट्रेस ने करारा जवाब दिया था और सबकी बोलती बंद कर दी थी। अगर आपको ये खबर अच्छी लगी तो यहां पढ़ सकते हैं।