Anurag Kashyap Birthday, Birthday Special: बॉलीवुड फिल्ममेकर अनुराग कश्यप आज अपना 48वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं। अनुराग कश्यप का जन्म 10 सितंबर 1972 को उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में हुआ था। अनुराग कश्यप इंडस्ट्री में लीक से हटकर फिल्मे बनानें के लिए जाने जाते हैं। अनुराग ने बॉलीवुड में एक से बढ़कर एक शानदार फिल्में बनाई हैं लेकिन इंडस्ट्री में उनका सफर काफी संघर्षों से भरा हुआ रहा है। आज उनके जन्मदिन के मौके पर हम आपसे उनसे जुड़ी कुछ खास बातें शेयर करने जा रहे हैं ।

अनुराग कश्यप की शुरुआती पढ़ाई देहरादून के ग्रीन स्कूल और ग्वालियर के सिंधिया स्कूल में हुई थी। पिता की नौकरी के चलते अनुराग कश्यप का बचपन कई शहरों में बीता था। 1993 में अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई खत्म करने के बाद अनुराग ने मुंबई जाने का फैसला किया था लेकिन उनका यह सफर काफी संघर्षों से भरा हुआ रहने वाला था। अनुराग पांच हजार रुपए लेकर मुंबई पहुंचे थे और शुरुआत के दिनों में उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था। धीरे धीरे उनके पैसे खत्म हो गए जिसके चलते उन्होंने कई रातें सड़क किनारे सोकर गुजारी हैं।

अनुराग कश्यप को 1998 में फिल्म ‘सत्या’ के लिए सौरभ शुक्ला के साथ कहानी लिखने का मौका मिला था। दरअसल बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी ने अपने समय के मशहूर फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा को बतौर लेखक उनकी फिल्म के लिए अनुराग कश्यप का नाम सुझाया था। राम गोपाल वर्मा ने अनुराग का कुछ काम देख रखा था और उन्हें वह काफी पसंद भी आया था। इसके बाद अनुराग ने अपने काम के दम पर खुद को साबित किया था।

साल 2003 में अनुराग कश्यप ने अपनी पहली फिल्म ‘पांच’ बनाई थी लेकिन उनकी पहली ही फिल्म विवादों की भेंट चढ़ गई और कभी रिलीज नहीं हुई। फिल्म में काफी ज्यादा वॉयलेंस दिखाया गया था जिसके चलते इसे सेंसर बोर्ड ने बैन कर दिया था। फिल्म ‘पांच’ के बाद अनुराग कश्यप ने मुंबई धमाकों पर आधारित फिल्म ब्लैक फ्रायडे बनाई लेकिन उनकी यह भी फिल्म काफी विवादों में रही थी और इसे भी सेंसर ने बैन कर दिया था। बता दें कि अनुराग कश्यप ने  देव डी, गुलाल, गैंग्स ऑफ वासेपुर, बॉम्बे टॉकीज, अगली, रमन राघव 2.0 और मनमर्जिया जैसी फिल्में बनाई हैं।