फिल्मकार अनुभव सिन्हा का कहना है कि हिंदी फिल्मोद्योग के बारे में टेलीविजन समाचार चैनलों पर नकारात्मक धारणा बनाई गई है और प्रशंसकों के बीच उसका कोई महत्व नहीं है। अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद से बॉलीवुड में भाई-भतीजावाद से लेकर अब कथित ड्रग व्यसन को लेकर बवंडंर उठ खड़ा हुआ है। पिछले कुछ महीनों से बॉलीवुड के बारे में टीवी की खबरों के आलोचक रहे सिन्हा ने कहा, ‘इन टीवी चैनलों की टीआरपी देखिए। उनकी कोई अहमियत ही नहीं है। नकारात्मकता केवल टीवी खबरिया चैनलों पर है। क्या आपको लगता है कि सड़कों पर प्रशंसक कुछ भिन्न महसूस करने लगे हैं? नहीं।’
फिल्म ‘थप्पड़’ के निर्देशक ने कहा कि दर्शक समझने लगे है कि कैसे एजेंडा लगातार बदलता जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘वे इन समाचार चैनलों की खबरों के जरिए देख सकते हैं। वे देख सकते है कि कैसे ये चैनल अपना लक्ष्य हत्या से लेकर ड्रग तक बदल रहे हैं। काम के मोर्चे पर सिन्हा अपने संगीत वीडियो ‘बंबई में का बा’ के लोकप्रिय होने से खुश हैं।
इस भोजपुरी रैप को डॉ. सागर ने लिखा है, इसका संगीत अनुराग सैकिया ने तैयार किया है तथा अभिनेता मनोज वाजपेयी ने इसे गाया है। इसमें मुम्बई जैसे शहर में प्रवासी श्रमिकों की अपनी जीविका को लेकर जद्दोजहद को बयां किया गया है।
ऋतिक रोशन ने की एक नर्तक की आर्थिक मदद
बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने एक नर्तक की आर्थिक मदद की है, जिसे अपने सपने को पूरा करने के लिए पैसे की जरूरत थी। अभिनेता ने भारतीय बैले नर्तक कमल सिंह की सहायता की है। कमल सिंह दिल्ली के विकासपुरी के एक ई-रिक्शा चालक का बेटा है और वह इंग्लैंड के लंदन में इंग्लिश नेशनल बैले स्कूल में दाखिला लेना चाहता है। कमल सिंह को ऋतिक से मदद मिलने की जानकारी कमल के टीचर फर्नांडो गुइलेरा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर दी है। उन्होंने इस उदारता के लिए अभिनेता का आभार भी जताया है। फर्नांडो ने इंस्टाग्राम पर लिखा है कि बहुत शुक्रिया ऋतिक रोशन मेरे विद्यार्थियों की सहायता करने के लिए। ऋतिक कमल को तीन लाख रुपए दिए हैं।
लाल परिधान में प्रियंका का वीडियो 12 लाख बार देखा गया
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में अपना एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वे लाल परिधान में नजर आ रही हैं। प्रियंका के इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा हुए इस वीडियो को अब तक 12 लाख से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है। अपने इस वीडियो पर उन्होंने लिखा कि इस शाम के लिए सभी नॉमिनी को ढेर सारी शुभकामनाएं। बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री नरगिस फाकरी ने भी प्रियंका के वीडियो पर फायर इमोजी के जरिए अपनी प्रतिक्रिया दी।