रणबीर कपूर स्टारर ‘एनिमल’ फेम एक्टर मनजोत सिंह का एक पुराना वीडियो सामने आया है, जिसमें वह एक लड़की की जान बचाते हुए नजर आ रहे हैं। मंजोत सिंह ने Animal में रणबीर कपूर के कजिन का किरदार निभाया है। मनजोत ने फिल्म में मारधाड़ की है लेकिन रियल लाइफ में वह नेक इंसान हैं और उन्होंने एक जिंदगी बचाई है।

एक्टिंग करियर शुरू करने से पहले मनजोत ग्रेटर नोएडा में शारदा यूनिवर्सिटी में बीटेक कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने एक 18 साल की लड़की की जान बचाई थी। इसका वीडियो सामने आया है, जिसमें लड़की शारदा हॉस्पिटल की दूसरी मंजिल से कूदने की कोशिश कर रही है। लेकिन मनजोत ने जाकर उसे बचा लिया।

मनजोत ने हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बात करते हुए इसके बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वो लड़की धमकी दे रही थी कि अगर कोई उसके करीब गया तो वह कूद जाएगी। मनजोत ने कहा,” मैंने उसे बातचीत में उलझाया और उससे पूछा कि क्या वो परेशानी में है या किसी ने उसे डांटा है। उसने कहा कि उसका अपनी मां से झगड़ा हो गया था। मैं तेजी से उसकी ओर बढ़ने लगा। जैसे ही मैं उसके पास पहुंचा, वह कूद गई।”

हालांकि मनजोत ने लड़की को गिरने नहीं दिया। जो वीडियो सामने आया है उसमें जैसे ही लड़की कूदी, मनजोत ने उसे जाकर पकड़ लिया। इसके बाद दो लोग आकर मदद करने लगे और लड़कियों को बचा लिया गया।

बता दें कि मनजोत को इसके लिए दिल्ली सिख कम्यूनिटी ने सम्मानित भी किया था। इसके लिए दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (डीएसजीएमसी) के पूर्व अध्यक्ष मंजीत सिंह जीके ने मनजोत की सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी का सारा खर्च वहन करने का आश्वासन दिया था।

संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म ‘एनिमल’ में मनजोत को रणबीर कपूर के किरदार रणविजय का कजिन दिखाया था। जो हर लड़ाई में अपने भाई के साथ था। फिल्म में मनजोत का स्क्रीन टाइम ठीक ठाक है। ये फिल्म 1 दिसंबर को थिएटर्स में रिलीज हुई थी। जिसमें रणबीर कपूर का अहम किरदार है और उनके साथ रश्मिका मंदाना, बॉबी देओल, तृप्ति डिमरी, सुरेश ओबेरॉय, शक्ति कपूर और प्रेम चोपड़ा हैं।