टीवी का नंबर वन शो अनुपमा दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय है। इस शो के मुख्य किरदार अनुपमा, वनराज और अनुज के अलावा अन्य लोग भी फैंस की जान हैं। इन दिनों अनुज और अनुपमा के रिश्ते की नई शुरुआत दिखाई जा रही है। वहीं दूसरी तरफ अनुज की बहन मालविका यानी मुक्कू शो से गायब हैं। अनेरी वजानी की गैर मौजूदगी से दर्शकों के मन में तरह-तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं।
इसी बीच अनेरी ने खुद अपनी अनुपस्थिति का कारण बताया है। उन्होंने कहा कि वो अनुपमा शो में एक कैमियो थीं, फिलहाल शो में उनका ट्रैक खत्म हो गया है, इसलिए वो इस शो के लिए शूटिंग नहीं कर रही हैं। एक्ट्रेस ने बताया कि कहानी के मुताबिक उनका और वनराज का बढ़ता रिश्ता दर्शकों को पसंद नहीं आ रहा था। वो उनके रिश्ते को स्वीकार नहीं करना चाहते थे, इसलिए उनके किरदार को फिलहाल खत्म कर दिया गया है।
अनेरी ने ये भी बताया कि जब शो में उनकी एंट्री हुई थी तो लोगों ने उन्हें काफी पसंद किया था। लेकिन मालविका और वनराज के प्यार को दर्शक हजम नहीं कर पा रेह हैं। ये शो अनुपमा का है और वो ही इसकी मुख्य किरदार हैं।
एक्ट्रेस ने कहा कि ये पूरा शो अनुपमा की दुनिया है और वो ही शो की परमानेंट सदस्य हो सकती हैं। उन्हें शुरू से ही पता था कि उनका किरदार हमेशा एक कैमियो था, इसलिए उन्हें जितना रोल दिया गया, वो उसमें खुश हैं। आगे उन्होंने कहा कि मैंने पहली बार कैमियो किया है। अब वो मुख्य किरदार निभाना चाहती हैं और जल्द ही टीवी पर दोबारा दिखना चाहती हैं।
बता दें कि इन दिनों शो में होली का ट्रैक चल रहा है। आज के एपिसोड में अनुज नशे में बा, वनराज और काव्या को जहरीला बुलाएगा। हालांकि बापूजी उसकी हालत को समझते हुए उसे संभालने की कोशिश करेंगे। अनुज कहेगा कि ये घर उसे अनु से छीनने की कोशिश कर रहा है, इसलिए यहां उसे अच्छा नहीं लग रहा है। अनुज अनुपमा को अपने साथ चलने के लिए कहेगा। जिसपर वो उसे समझाएगी और अकेले जाने को कहेगी।