टीवी के सबसे लोकप्रिय क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ का 17वां सीजन चल रहा है। शो का हर एपिसोड अपने आप में खास है। हर बार की तरह गेम के साथ होस्ट अमिताभ बच्चन कंटेस्टेंट्स के साथ काफी दिलचस्प बातें कर रहे हैं। बिग बी इस शो में हॉट सीट पर बैठने वाले की बात सुनने के साथ-साथ अपने बारे में काफी कुछ शेयर करते हैं, फिर चाहे वो उनकी प्रोफेशनल लाइफ से जुड़ा हो या पर्सनल लाइफ के बारे में हो, वो दिल खोलकर बात करते हैं।

हाल ही में एक एपिसोड के दौरान अमिताभ बच्चन ने बताया कि उन्हें जीवन में एक चीज का बहुत अफसोस है और वो ये कि उन्होंने अपने बच्चों के साथ समय नहीं बिताया। उन्होंने उस वक्त को याद किया जब वो काम में बहुत व्यस्त थे और जया अपने परिवार और बच्चों की देख-रेख कर रही थीं। बच्चन ने कहा कि उन्होंने व्यस्तता के कारण अपने बच्चों के साथ समय नहीं बिताया।

अमिताभ बच्चन ने कहा, “हमारा जो वातावरण था, बहुत साधारण था। बच्चों की देख-रेख जया करेंगी, हम जाएंगे काम पर। उन्होंने सब कुछ देखा है और ये एक अफसोस रहा है हमारे मन में कि ज्यादा समय नहीं बिता पाए बच्चों के साथ। क्योंकि हम लोग सुबह से लेकर रात तक काम करते थे। सुबह निकलते थे तो बच्चे सो रहे होते थे, वापस आते थे तब देर रात हो जाती थी और बच्चे सो रहे होते थे तो समय नहीं मिला इसलिए जया ने संभाला। कभी लगता है कि काश हम भी अभिषेक या श्वेता के साथ समय बिता सकते।”

यह भी पढ़ें: ‘जमीन धोखा नहीं देती’, दो-चार नहीं बल्कि 99 घरों के मालिक हैं मीका सिंह, नेटवर्थ जानकर रह जाएंगे हैरान

अमिताभ बच्चन ने आगे भी अपने बारे में बताते हुए कहा, “फिर ये तय हुआ कि मैं रविवार को काम नहीं करूंगा और वो दिन बच्चों के लिए था। हम खेलते थे या साथ में कुछ भी करते थे और आज भी वो प्रथा हमारे घर में चल रही है कि रविवार को एक भोजन जो है, उसमें पूरा परिवार साथ बैठकर खाना खाएगा।”

यह भी पढ़ें: आज शुरू होगा अशनीर ग्रोवर का रिएलिटी शो ‘राइज एंड फॉल, भोजपुरी पावरस्टार पवन सिंह भी बनेंगे इसका हिस्सा

आपको बता दें कि अमिताभ बच्चन अकसर अपने जीवन से जुड़े किस्से शेयर करते हैं। एक बार उन्होंने बताया कि वो कभी एटीएम का इस्तेमाल नहीं करते और आज भी वो अपनी पत्नी जया बच्चन से कैश मांगते हैं।