अतुल्य भारत अभियान के नये चेहरों के तौर पर मशहूर अभिनेता अमिताभ बच्चन और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा के मुख्य दावेदारों में होने के संकेतों के बीच पर्यटन मंत्रालय इस अभियान के लिए किसी निजी एजंसी के माध्यम से ब्रांड एंबेसडर चुनने के मौजूदा चलन को बदलकर अब सीधी नियुक्ति पर विचार कर रहा है। संभावना यही है कि बच्चन और प्रियंका आमिर खान की जगह लेंगे। आमिर का अब अतुल्य भारत से कोई नाता नहीं है।

याद रहे, अभियान में आमिर खान को लेने के लिए एक क्रियेटिव एजंसी के साथ मंत्रालय का करार पहले ही खत्म हो चुका है जिसके बाद से पर्यटन के प्रचार के लिए नए चेहरों की तलाश है। पांच साल से अधिक समय से इस अभियान से जुड़े आमिर देश में कथित असहिष्णुता को लेकर अपने बयानों को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा की आलोचनाओं से घिरे रहे हैं।

सूत्रों के मुताबिक, अतुल्य भारत अभियान का नया चेहरा बनने के लिए अमिताभ और प्रियंका सबसे आगे हैं। अमिताभ पिछले कुछ साल से गुजरात पर्यटन का प्रचार कर रहे हैं। एक सूत्र ने कहा, ‘पहले मंत्रालय किसी एजंसी की सेवा लेता था जो एंबेसडकर के साथ करार करती थी। लेकिन इस बार पर्यटन मंत्रालय अभियान के लिए ब्रांड एंबेसेडर से सीधे करार करने पर विचार कर रहा है। सूत्रों ने बताया कि आगे से करार तीन साल के लिए होगा। जब पर्यटन मंत्री महेश शर्मा से अमिताभ और प्रियंका की नियुक्ति के बारे में पूछा गया था तो उन्होंने केवल इतना कहा था कि मंत्रालय ने इस संबंध में कोई अधिसूचना जारी नहीं की है।