तमिल और मलयालम फिल्मों की फेमस एक्ट्रेस अमाला पॉल अपनी बेहतरीन एक्टिंग के लिए जानी जाती हैं। फिल्मों के साथ ही वो अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी अक्सर सुर्खियां बटोर ही लेती हैं। ऐसे में अब उन्होंने पति जगत देसाई के साथ शादी और बिना शादी की प्रेग्नेंसी को लेकर बात की। उन्होंने साल 2023 में जगत देसाई के साथ दूसरी शादी की थी। इसके बाद जून 2024 में एक्ट्रेस ने बेटे इलाई को जन्म दिया था। अमाला ने बताया कि वो जगत के साथ शादी से पहले कुछ महीनों के लिए रही थीं और इस दौरान बिना शादी के प्रेग्नेंट भी हो गई थी। तब उनको पता नहीं था कि क्या करना है।
आपको बता दें कि अमाला पॉल ने साल 2014 में डायरेक्टर एएल विजय के साथ कोच्चि में शादी की थी। मगर ये रिश्ता ज्यादा दिन तक चल नहीं पाया था और साल 2016 में वो अलग हो गए थे और ऑफिशियली इनका तलाक 2017 में हो गया था। इसके बाद एक्ट्रेस की जिंदगी में 2023 में प्यार बनकर जगत देसाई आए थे।
शादी से पहले पति संग साथ रही थीं अमाला पॉल
दरअसल, अमाला पॉल ने हाल ही में जेडब्ल्यूएफ बिंज से बात करते हुए बताया कि वो उस समय प्रेग्नेंट हुई थीं, जब उनको कुछ पता नहीं था कि उन्हें लाइफ में करना क्या है। उनका मानना है कि उस अनुभव ने उन्हें एक दिशा दी और एक बेहतर इंसान बनाया। उनका सबकुछ उनके अंदर उस छोटे से जीवन का हो गया। उन्हें नहीं पता था कि वो कहां चली गईं लेकिन, जीवन का ये नया फेज उन्हें काफी पसंद आया।
इसके साथ ही अमाला पॉल ने आगे शादी से पहले की अपनी प्रेग्नेंसी को लेकर बताया कि वो और उनके पार्टनर जगत देसाई शादी से पहले कुछ ही महीनों तक साथ रहे थे, तभी उन्हें अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला था। एक्ट्रेस ने कहा कि प्रेग्नेंसी का पता चलने के बाद शादी का फैसला किया गया।
अमाला पॉल को मानसिक बीमारी के दिखे लक्षण
इतना ही नहीं, अमाला पॉल ने आगे अपने स्ट्रगल के बारे में बताया और कहा कि ये तब शुरू हुआ जब उन्होंने अपने पिता को खो दिया था। वो कोरोना काल में इमोशनली काफी डिस्टर्ब रहने लगी थीं। उस समय उन्हें मानसिक बीमारी के गंभीर लक्षण (सिजोफ्रेनिया) भी महसूस हुए। एक्ट्रेस ने बताया कि तनाव इतना ज्यादा था कि वो अपने ही घरवालों के नाम भूलने लगी थीं। खुद को इससे ठीक करने को लेकर अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने सोलो ट्रिप्स की। उनका मानना है कि खुद को बचाने के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहा जा सकता। अपना रास्ता खुद तलाशना होगा।
अमाला पॉल की प्रोफेशनल लाइफ
इसके अलावा अगर अमाला पॉल की प्रोफेशनल लाइफ की बात की जाए तो उन्होंने साल 2009 में एक्टिंग में अपने करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने करियर में मलयालम, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ भाषाओं की फिल्मों में काम किया है। वहीं, एक हिंदी फिल्म ‘भोला’ (2023) में कैमियो रोल किया था। अब अगर आने वाली फिल्म के बात करें तो एक्ट्रेस Dvija में दिखाई देने वाली हैं।